छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ सरकार का बड़ा फैसला, GPM कलेक्टर बदले, 5 IAS अधिकारियों के प्रभार में भी हुआ बदलाव

By Admin|09 Jul 2026, 5:11 PM
f X W

रायपुर.

छत्तीसगढ़ सरकार ने गुरुवार को एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। इस फेरबदल में सबसे बड़ी गाज गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के कलेक्टर संतोष कुमार देवांगन पर गिरी है, जिन्हें महज दो महीने पहले ही जिले की कमान सौंपी गई थी।

सरकार ने उन्हें कलेक्टर पद से हटाते हुए मंत्रालय में स्कूल शिक्षा विभाग में विशेष सचिव के पद पर तैनाती दी है। उनकी जगह अब तकनीकी शिक्षा विभाग के संचालक विजय दयाराम के. को जिले का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है। महानदी भवन से जारी सामान्य प्रशासन विभाग के इस आदेश में कुल 5 IAS अधिकारियों के प्रभार में तब्दीली की गई है। हेमंत रमेश नंदनवार (IAS 2020) को महासमुंद जिला पंचायत के सीईओ पद से हटाकर अब संचालक, तकनीकी शिक्षा, रोजगार एवं प्रशिक्षण की जिम्मेदारी दी गई है। साथ ही इन्हें छत्तीसगढ़ राज्य कौशल विकास प्राधिकरण के प्रबंध संचालक (MD) का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

सुमित अग्रवाल (IAS 2021) दुर्ग नगर निगम के कमिश्नर को अब मुख्य कार्यपालन अधिकारी, छत्तीसगढ़ राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) बनाया गया है। वे इस पद से रिमिजियस एक्का (IAS 2011) को अतिरिक्त प्रभार से मुक्त करेंगे। अनुपमा आनंद (IAS 2023) सरायपाली (महासमुंद) की एसडीएम को प्रमोट करते हुए मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO), जिला पंचायत, महासमुंद के पद पर पदस्थ किया गया है।

अगली खबर लोड हो रही है...
READ ALSO  CG : छत्तीसगढ़ के किसानों को मिलेंगे 15 हजार रुपये प्रति एकड़! 31 अक्टूबर तक कराएं पंजीयन; जानें किसे मिलेगा लाभ और कैसे करें आवेदन ...

Related Articles

Back to top button