छत्तीसगढ़जशपुर जिला

CG : सभी शिक्षकों के लिए बायोमेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य, बिना ठोस कारण अनुपस्थित रहने वालों पर होगी कार्यवाही : कलेक्टर …

By lokesh sharma|23 Jun 2026, 12:45 PM
f X W

जशपुरनगर । नए शैक्षणिक सत्र के प्रारंभ होते ही विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं व्यवस्थाओं के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर रोहित व्यास ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक ली।

बैठक में गणवेश एवं पाठ्यपुस्तक वितरण, विद्यार्थियों की अपार आईडी निर्माण, शिक्षकों की उपस्थिति, विद्यालय निरीक्षण तथा सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों के निराकरण सहित विभिन्न विषयों की विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर व्यास ने प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी नरेंद्र सिन्हा तथा सभी विकासखंडों के बीईओ को निर्देशित करते हुए कहा कि विद्यालयों में बेहतर पढ़ाई के लिए शिक्षण व्यवस्था को पूरी गंभीरता और प्रभावशीलता के साथ लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही पर कार्यवाही की जाएगी।

कलेक्टर व्यास ने सभी शिक्षकों की बायोमेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि जिन शिक्षकों की बायोमेट्रिक उपस्थिति बिना किसी ठोस कारण के दर्ज नहीं होगी, उन्हें वेतन का भुगतान नहीं किया जाएगा। बैठक में कलेक्टर विद्यार्थियों को गणवेश वितरण का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण करने तथा सभी छात्रों को समय पर पाठ्यपुस्तक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि शैक्षणिक सत्र के प्रारंभ से ही पढ़ाई सुचारू रूप से संचालित हो सके। उन्होंने कहा कि नए प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों की अपार आईडी तत्काल बनाई जाए और इस कार्य में किसी प्रकार की देरी न हो। कलेक्टर व्यास ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में जर्जर भवनों में कक्षाओं का संचालन न किया जाए। उन्होंने ऐसे विद्यालयों में वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

READ ALSO  निर्माण कार्यों की समीक्षा: सचिव ने संयुक्त जिला कार्यालय भवन और PWD आवासीय परिसर का लिया जायजा

कलेक्टर व्यास ने सभी बीईओ को नियमित रूप से विद्यालयों का निरीक्षण कर शैक्षणिक गतिविधियों एवं व्यवस्थाओं की निगरानी करने को कहा। साथ ही जिले में संचालित सभी पीएम विद्यालयों को शिक्षा के आदर्श मॉडल के रूप में विकसित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक सभी प्रयास किए जाएं। बैठक में कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश देते हुए शिक्षा विभाग के अधिकारियों को शिकायतों के समाधान में गंभीरता बरतने को कहा। बैठक में प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी नरेंद्र सिन्हा, जिला मिशन समन्वयक, सभी विकास खंडों के बीईओ, एबीईओ एवं बीआरसी उपस्थित रहे।

अगली खबर लोड हो रही है...

lokesh sharma

Lokesh Sharma | Editor Lokesh Sharma is a trained journalist and editor with 10 years of experience in the field of journalism. He holds a BAJMC degree from Digvijay College and a Master of Journalism from Kushabhau Thakre University of Journalism & Mass Communication. He has also served as a Professor in the Journalism Department at Digvijay College. Currently, he writes on Sports, Technology, Jobs, and Politics for kadwaghut.com.

Related Articles

Back to top button