कोरबा जिलाछत्तीसगढ़

CG : अधिक ब्याज का लालच देकर विधवा महिला से 6 लाख की धोखाधड़ी …

By lokesh sharma|20 Jun 2026, 12:30 PM
f X W

कोरबा । पति की मौत के बाद परिवार का सहारा बनी बीमा राशि और ट्रैक्टर बेचकर जुटाई गई पूंजी को सुरक्षित निवेश करने का सपना एक महिला के लिए बुरे सपने में बदल गया। डाकघर में अधिक ब्याज दिलाने का झांसा देकर एक परिचित ने करीब छह लाख रुपये हड़प लिए। मामले का खुलासा तब हुआ जब महिला को पता चला कि उसके नाम पर पूरी राशि की बजाय केवल 50 हजार रुपये ही जमा किए गए हैं। शिकायत पर उरगा थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Advertisement
Advertisement

मामला उरगा थाना क्षेत्र के फरसवानी गांव का है। पीड़िता रिंकी राठौर ने पुलिस को बताया कि उसके पति दीनदयाल राठौर का सितंबर 2021 में निधन हो गया था। पति की मृत्यु के बाद परिवार की पूरी जिम्मेदारी उसके कंधों पर आ गई। इसी दौरान उसे बीमा की राशि प्राप्त हुई थी।
ट्रैक्टर बेचकर जुटाई थी अतिरिक्त रकम

रिंकी के अनुसार पति के निधन के बाद घर का ट्रैक्टर बेकार पड़ा था। खेती और अन्य कार्यों में उसका उपयोग नहीं हो रहा था, इसलिए उसने ट्रैक्टर बेचने का फैसला किया। बीमा की राशि और ट्रैक्टर बिक्री से मिले पैसों को मिलाकर करीब छह लाख रुपये जुटे थे। महिला की योजना थी कि इस रकम को सुरक्षित निवेश कर उससे मिलने वाले ब्याज से परिवार का खर्च चलाया जाए।
अधिक ब्याज का झांसा देकर ले ली रकम

इसी दौरान परिचित प्रदीप बिंझवार ने खुद को डाकघर से जुड़ा बताते हुए अधिक ब्याज का लालच दिया। अगस्त 2022 में उसने डाकघर में निवेश कराने के नाम पर पूरी राशि अपने पास ले ली। महिला को भरोसा था कि उसकी जमा पूंजी सुरक्षित है और भविष्य में उसका सहारा बनेगी।
खाते की जानकारी लेने पर हुआ खुलासा

READ ALSO  CGPSC State Service Mains 2025 Result को लेकर स्थिति स्पष्ट, आयोग ने दी जानकारी

नवंबर 2024 में जब रिंकी ने अपने निवेश की जानकारी लेने की कोशिश की, तब उसे पता चला कि उसके नाम पर केवल 50 हजार रुपये ही जमा किए गए हैं। यह जानकारी मिलते ही वह हैरान रह गई और उसने प्रदीप से जवाब मांगा।
कर्ज चुकाने में खर्च कर दी रकम

पुलिस पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि वह कर्ज में डूबा हुआ था और महिला से ली गई राशि को अपने कर्ज चुकाने में खर्च कर दिया। पीड़िता का कहना है कि पति के निधन के बाद यही रकम उसके और उसके परिवार के भविष्य का आधार थी। रकम डूबने के बाद वह आर्थिक और मानसिक रूप से परेशान है।
ऑडियो-वीडियो साक्ष्य पुलिस को सौंपे

महिला ने अपने आरोपों के समर्थन में ऑडियो और वीडियो साक्ष्य भी पुलिस को उपलब्ध कराए हैं। उरगा थाना पुलिस ने 19 जून को आरोपित के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अगली खबर लोड हो रही है...

lokesh sharma

Lokesh Sharma | Editor Lokesh Sharma is a trained journalist and editor with 10 years of experience in the field of journalism. He holds a BAJMC degree from Digvijay College and a Master of Journalism from Kushabhau Thakre University of Journalism & Mass Communication. He has also served as a Professor in the Journalism Department at Digvijay College. Currently, he writes on Sports, Technology, Jobs, and Politics for kadwaghut.com.

Related Articles

Back to top button
Play GK Quiz and Win Coins