छत्तीसगढ़राजनांदगांव जिला

बस्ती के करीब पहुंचा बाघ, भालू की मौजूदगी से अलर्ट; वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी

By kadwaghut|20 Oct 2026, 12:28 PM
f X W

राजनांदगांव। जिले के मानपुर और मोहला क्षेत्र में जंगली जानवरों की मौजूदगी से ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। मानपुर बस्ती के बाहरी इलाके शिवलोक में सोमवार को एक बाघ मोबाइल टावर के आसपास घूमता दिखाई दिया। वहीं, मोहला में छुरिया देवी मंदिर के आसपास पिछले करीब एक सप्ताह से भालू विचरण कर रहा है। दोनों क्षेत्रों में वन विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

शिवलोक में मोबाइल टावर के पास दिखा बाघ

जानकारी के अनुसार, लंबे समय से औंधी क्षेत्र के जंगलों में विचरण कर रहा बाघ अब मानपुर बस्ती के करीब पहुंच गया है। सोमवार दोपहर शिवलोक क्षेत्र में गए कुछ ग्रामीणों ने बाघ को मोबाइल टावर के आसपास घूमते देखा। बाघ को देखकर ग्रामीण घबरा गए और वहां से वापस लौट आए। इसके बाद उन्होंने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी।

घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम सक्रिय हो गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, बाघ दोपहर से शाम तक आसपास के क्षेत्र में मौजूद था। इसके बाद वन विभाग ने क्षेत्र में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क रहने की अपील की।

दो महीने से औंधी के जंगलों के आसपास विचरण

बताया जा रहा है कि बाघ पिछले करीब दो महीने से औंधी क्षेत्र के जंगलों के आसपास विचरण कर रहा है। शनिवार को उसने कलवर क्षेत्र में एक बैल का शिकार किया था। अब बाघ की मानपुर बस्ती के करीब मौजूदगी से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।

READ ALSO  राज्योत्सव में पत्रकारिता विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने देखी छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा और सांस्कृतिक विरासत

मोहला में भी भालू की मौजूदगी से चिंता

इधर, मोहला में छुरिया देवी मंदिर के आसपास पिछले करीब एक सप्ताह से भालू के विचरण की जानकारी सामने आई है। बाघ और भालू की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग ने संबंधित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है। लोगों को जंगल और आसपास के संवेदनशील इलाकों में अकेले जाने से बचने तथा वन्यजीव दिखाई देने पर उनसे दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।

वन्यजीवों की लगातार मौजूदगी के बीच ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे सतर्क रहें और किसी भी जंगली जानवर के दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना दें।

अगली खबर लोड हो रही है...

Related Articles

2

Back to top button