छत्तीसगढ़रायपुर जिला

CG : हर घर जल योजना से बेटियों की राह हुई आसान, पढ़ाई के लिए मिल रहा पर्याप्त समय …

By kadwaghut|05 May 2026, 1:27 PM
f X W

रायपुर । हर घर जल (जल जीवन मिशन) के सफल क्रियान्वयन से ग्रामीण के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है। हर घर में नल से स्वच्छ पेयजल पहुँचने से महिलाओं को लंबी दूरी तय करने व श्रम से मुक्ति मिली है, जलजनित बीमारियों में कमी आई है और समय की बचत होने से ग्रामीण जीवन स्तर व स्वास्थ्य में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। महासमुंद जिले के ग्राम बहादुरपुर में हर घर जल योजना के सफल क्रियान्वयन से ग्रामीणों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है। गांव के सभी 96 घरों में अब पाइपलाइन के माध्यम से नियमित रूप से शुद्ध पेयजल की आपूर्ति हो रही है। इस सुविधा का सबसे बड़ा लाभ गांव की बेटियों और छात्राओं को मिला है।

Advertisement
Advertisement

पढ़ाई के लिए मिल रहा समय

गांव की स्कूली छात्रा कुमारी उर्वशी ने खुशी व्यक्त करते हुए बताया कि पहले पानी लाने के लिए दूर-दराज के इलाकों में जाना पड़ता था, जिससे पढ़ाई के लिए समय नहीं मिल पाता था और थकान भी अधिक होती थी। उर्वशी कहती हैं, अब घर में ही पानी उपलब्ध होने से मेरी पढ़ाई सुगम हो गई है। गांव की अन्य बेटियां भी अब नियमित रूप से स्कूल जा पा रही हैं और अपने सुनहरे भविष्य की ओर कदम बढ़ा रही हैं। ग्रामीण अब तालाबों या हैंडपंपों पर निर्भर नहीं हैं। घर पर ही नल से पानी मिलने से दैनिक जीवन आसान और सुव्यवस्थित हुआ है।महिलाओं को पानी ढोने के श्रम से मुक्ति मिली है। बचा हुआ समय वे परिवार, शिक्षा और आयअर्जित करने वाले कार्यों में लगा रही हैं।

READ ALSO  राजनांदगांव : धान के कटोरा गीत ने डॉ. जीवन यदु को प्रदेश में दिलाई विशेष पहचान…

योजना का तकनीकी विवरण

विभागीय अधिकारियों के अनुसार, इस योजना के तहत कुल 56.40 लाख रुपये की लागत से 40 किलोलीटर क्षमता के उच्च स्तरीय जलाशय (ओवरहेड टैंक) का निर्माण किया गया है। गांव के कोने-कोने तक पानी पहुंचाने के लिए लगभग 2055 मीटर लंबी पाइप लाइन बिछाई गई है। भीषण गर्मी के बावजूद, पिथौरा विकासखंड के इस गांव में जल संकट का प्रभाव नहीं दिख रहा है।

सामुदायिक भागीदारी और प्रबंधन

योजना की सफलता में स्थानीय सरपंच के सक्रिय नेतृत्व और ग्रामीणों के सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। सुचारू संचालन और रखरखाव के लिए ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति का गठन किया गया है। योजना के स्थायी प्रबंधन हेतु प्रत्येक परिवार से 50 रुपये प्रतिमाह जल कर लिया जा रहा है, जिससे भविष्य में किसी भी तकनीकी खराबी या रखरखाव की समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित हो सके।

अगली खबर लोड हो रही है...

Related Articles

Back to top button
Play GK Quiz and Win Coins