छत्तीसगढ़

CG : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग बना वैश्विक जनआंदोलन: देवेन्द्र प्रताप सिंह …

By lokesh sharma|22 Jun 2026, 1:29 PM
f X W

एमसीबी । अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को मनेन्द्रगढ़ योग, स्वास्थ्य और जनजागरण का केंद्र बन गया। स्वामी आत्मानंद विद्यालय क्रीड़ा परिसर में आयोजित 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के जिला स्तरीय समारोह में 550 से अधिक लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन और सशक्त राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद देवेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि आज योग विश्वव्यापी जनआंदोलन का स्वरूप ले चुका है और इसका सबसे बड़ा श्रेय भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जाता है।

Advertisement
Advertisement

अपने संबोधन की शुरुआत अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाओं के साथ करते हुए राज्यसभा सांसद सिंह ने कहा कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का प्रस्ताव रखा था, तब रिकॉर्ड 177 देशों ने इसका समर्थन किया था। आज विश्व के 150 से अधिक देशों में योग दिवस मनाया जा रहा है, जो भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और योग की वैश्विक स्वीकार्यता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा को संतुलित करने वाली जीवन पद्धति है। विद्यार्थियों के लिए योग स्मरण शक्ति बढ़ाने में सहायक है, वहीं आमजन के लिए यह तनावमुक्त और स्वस्थ जीवन का आधार बनता है।

उन्होंने अपने पारिवारिक अनुभव साझा करते हुए बताया कि योग और ध्यान की भारतीय परंपरा व्यक्ति को आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करती है तथा सकारात्मक सोच विकसित करती है। राज्यसभा सांसद ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में योग की प्रासंगिकता पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है। योग व्यक्ति को मानसिक शांति, आत्मविश्वास और स्वस्थ जीवन प्रदान करता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं योग अपनाएं और अपने परिवार के प्रत्येक सदस्य को भी इससे जोड़ें, ताकि स्वस्थ समाज और स्वस्थ राष्ट्र का निर्माण किया जा सके।

READ ALSO  CG : धान से गेंदा की खेती की ओर बढ़े, कमाया 3.96 लाख ...

कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर विश्वजीत पटेल एवं प्रशिक्षक विवेक तिवारी के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने ताड़ासन, अर्द्धचक्रासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन, वज्रासन, उष्ट्रासन, मत्स्यासन, कटिचक्रासन, अर्धकटिचक्रासन तथा उत्तानपादासन सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया। साथ ही कपालभाति एवं भ्रामरी प्राणायाम का सामूहिक अभ्यास भी कराया गया। पूरे परिसर में अनुशासन, ऊर्जा और सकारात्मकता का अद्भुत वातावरण देखने को मिला।

योगाभ्यास के उपरांत राज्यसभा सांसद देवेन्द्र प्रताप सिंह ने उपस्थित नागरिकों को नशा मुक्त भारत की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि नशा समाज और युवाओं के भविष्य के लिए सबसे बड़ी चुनौती है तथा योग इस चुनौती से मुकाबला करने का प्रभावी माध्यम बन सकता है। उपस्थित लोगों ने नशामुक्त जीवन अपनाने और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधारोपण भी किया गया। मुख्य अतिथि देवेन्द्र प्रताप सिंह ने आंवला का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान का संदेश दिया। इस अवसर पर पूर्व विधायक भरतपुर-सोनहत चम्पा देवी पावले, कलेक्टर संतान देवी जांगड़े, पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह, वनमंडलाधिकारी चन्द्रकुमार अग्रवाल तथा जिला पंचायत सीईओ अंकिता सोम सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भी पौधारोपण किया।

योग दिवस के अवसर पर आयुष विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) द्वारा लगाए गए स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। स्वास्थ्य विभाग द्वारा रक्तचाप एवं शुगर परीक्षण के साथ निःशुल्क परामर्श और दवा वितरण किया गया। आयुष विभाग ने योग एवं आयुर्वेद आधारित जीवनशैली की जानकारी दी तथा औषधियों एवं स्वास्थ्यवर्धक काढ़े का वितरण किया। वहीं एनआरएलएम के स्टॉल में जिले की लखपति दीदियों द्वारा निर्मित हसदेव ब्रांड के उत्पादों का प्रदर्शन किया गया, जिसे लोगों ने विशेष रुचि के साथ देखा।

READ ALSO  CG : आधार केंद्र संचालन के लिए चयन प्रक्रिया शुरू पात्रों की सूची जारी ...

कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद मनेन्द्रगढ़ की अध्यक्ष प्रतिमा यादव, नगर पंचायत झगराखाण्ड की अध्यक्ष रीमा यादव, नगर पंचायत नई लेदरी के अध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह राणा, सरजू यादव, कमांडिंग ऑफिसर संजय शर्मा, एसडीएम लिंगराज सिदार, डॉ. पूर्णिमा सिंह, डॉ. निशांत अग्रवाल, विनोद जायसवाल, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, बटालियन के अधिकारी एवं जवान तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का यह भव्य आयोजन केवल योगाभ्यास तक सीमित नहीं रहा, बल्कि स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, नशा मुक्ति और जनभागीदारी के संदेशों को एक साथ लेकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन की प्रेरणा देने वाला आयोजन सिद्ध हुआ।

अगली खबर लोड हो रही है...

lokesh sharma

Lokesh Sharma | Editor Lokesh Sharma is a trained journalist and editor with 10 years of experience in the field of journalism. He holds a BAJMC degree from Digvijay College and a Master of Journalism from Kushabhau Thakre University of Journalism & Mass Communication. He has also served as a Professor in the Journalism Department at Digvijay College. Currently, he writes on Sports, Technology, Jobs, and Politics for kadwaghut.com.

Related Articles

Back to top button
Play GK Quiz and Win Coins