
राजनांदगांव : देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रधानमंत्री के सुझावों का किया समर्थन – त्रिलोक सिंह निक्कू
राष्ट्रहित में मोदी की अपील ऐतिहासिक – त्रिलोक सिंह निक्कू
कहा जनता अब विकास की राजनीति समझ चुकी है
राजनांदगांव। अकाल पुरख की फौज के अध्यक्ष एवं नानक वेलफेयर फाउंडेशन के सह-संस्थापक त्रिलोक सिंह निक्कू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया राष्ट्रहित अपील का समर्थन किया उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश और जनता के हित को सर्वोपरि रखते हुए जो निर्णय लेते हैं वैसी दूरदृष्टि कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों में दिखाई नहीं देती।
श्री निक्कू ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी लगातार ऐसे सुझाव और योजनाएं लेकर आते हैं जिनका उद्देश्य देश को आत्मनिर्भर और मजबूत बनाना है। लेकिन कांग्रेस हर सकारात्मक पहल का राजनीतिक विरोध कर जनता को भ्रमित करने का प्रयास करती है। उन्होंने कहा कि आज देश की जनता जागरूक और समझदार हो चुकी है। जनता अब यह समझने लगी है कि कौन राष्ट्रहित की राजनीति कर रहा है और कौन केवल विरोध की राजनीति में लगा हुआ है। यही कारण है कि लगातार चुनावों में कांग्रेस को जनता का समर्थन नहीं मिल पा रहा है। श्री निक्कू ने प्रधानमंत्री मोदी की हालिया अपील का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने देशवासियों से एक वर्ष तक अनावश्यक सोना खरीदने से बचने, पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने, वर्क फ्रॉम होम जैसी व्यवस्थाओं को बढ़ावा देने, खाद्य तेल का सीमित उपयोग करने, रासायनिक खाद पर निर्भरता घटाने तथा स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने की अपील की है। साथ ही उन्होंने अनावश्यक विदेश यात्राओं से बचने का भी संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियां बेहद संवेदनशील बनी हुई हैं। विशेषकर खाड़ी देशों में बढ़ते तनाव और युद्ध जैसे हालात के कारण तेल और गैस की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। ऐसे समय में प्रधानमंत्री द्वारा संसाधनों के संयमित उपयोग और आत्मनिर्भरता की दिशा में देशवासियों से सहयोग मांगना पूरी तरह राष्ट्रहित में लिया गया फैसला है। श्री निक्कू ने कहा कि कांग्रेस इस गंभीर विषय को भी राजनीतिक रंग देने का प्रयास कर रही है जो दुर्भाग्यपूर्ण है।आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास, आत्मनिर्भरता और वैश्विक सम्मान की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।



