
राजनांदगांव| पुश्तैनी जमीन पर अपना हक पाने के लिए किसानों को 16 साल तक कानूनी लड़ाई लड़नी पड़ी। लंबी प्रतीक्षा और संघर्ष के बाद आखिरकार किसानों को राहत मिली है। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) डोंगरगांव ने छत्तीसगढ़ समाज के कमजोर वर्गों के कृषि भूमि धारकों के उधार देने वालों के भूमि हड़पने संबंधी कुचक्रों से परित्राण तथा मुक्ति अधिनियम, 1976 के तहत किसानों के पक्ष में फैसला सुनाया है। इस निर्णय के बाद किसानों को उनकी जमीन पर पुनः अधिकार मिलने का रास्ता साफ हुआ है।
फैसले से खुश किसान अपनी प्रसन्नता साझा करने ग्राम पैर्रीटोला स्थित पूर्व विधायक छन्नी साहू के निवास पहुंचे। यहां उन्होंने मुलाकात कर आभार जताया। छन्नी साहू ने कहा कि एक जनप्रतिनिधि के रूप में हमेशा यही प्रयास रहा कि क्षेत्र के किसानों और गरीबों के अधिकारों की रक्षा हो।

