
अंबागढ़ चौकी , राजनांदगांव से मानपुर तक निर्माणाधीन स्टेट हाईवे के अंतर्गत रविवार को नगर में जैसे ही सड़क निर्माण के लिए नाली की खोदाई कार्य प्रारंभ हुआ वैसे ही नागरिकों की ओर से आपत्तियां व शिकायतें आनी प्रारंभ हो गई। मेन रोड में सड़क किनारे दुकान बनाकर व्यवसाय करने वाले तथा आवासीय परिवारों के लोगों की शिकायत है कि संबंधित फर्म नाली निर्माण के लिए लेवल मेंटेन नहीं कर रही है। इससे नाली में पानी का बहाव नहीं होगा।
सड़क बनाने वाले ठेकेदार ने नगर में सड़क निर्माण के लिए सबसे पहले नाली निर्माण के लिए सड़क के दोनों ओर खुदाई प्रारंभ करा दी। रविवार को जैसे ही नगर में सड़क व नाली निर्माण के लिए शिवनाथ ब्रिज से पहले खुदाई का कार्य प्रारंभ किया गया। इस क्षेत्र के नागरिकों व व्यापारियों ने नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के समक्ष आपत्ति व शिकायतें दर्ज करानी प्रारंभ कर दी। नगर के वार्ड 15 के पार्षद काशी निषाद, शंकर निषाद, मुकेश सिन्हा, विनोद डेहरिया, व्यापारी संघ के अध्यक्ष संजय लाटा, राजू खंडेलवाल, किशोर यादव, पूर्व पार्षद अनीश कुरैशी ने शिकायत की।
पहले सड़क की एक दिशा में नाली निर्माण किया जाए ठेकेदार के कर्मचारियों से चर्चा करते हुए आग्रह किया कि सड़क के दोनों ओर एक साथ नाली निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किया जाए। पहले एक दिशा व एक किनारे का नाली निर्माण पूर्ण होने के बाद ही दूसरे दिशा में कार्य प्रारंभ किया जाए। जब तक निर्माण कार्य पूर्ण नहीं होगा तब तक स्टेट हाईवे में दुर्घटना का भय बना रहेगा। नपं अध्यक्ष के आग्रह पर संबंधित फर्म ने दोनों दिशाओं में हो रही खुदाई कार्य पर रोक लगाते हुए पहले एक दिशा में नाली निर्माण पूर्ण करने के बाद ही दूसरी दिशा में कार्य प्रारंभ करने पर सहमति जताई।
ऐसी घटना की पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए: अध्यक्ष नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी ने साइड में सड़क बनाने वाले ठेकेदार के कर्मियों से नगर में बिना सूचना के काम प्रारंभ करने पर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए। कहा कि सड़क निर्माण के लिए स्थानीय नागरिक व नगरीय निकाय हर संभव मदद करेंगे लेकिन यह आवश्यक है कि निर्माण कार्य गुणवत्ता व तय मापदंडों के अनुरूप हो। निर्माण कार्य में जलापूर्ति की पाइप लाइन क्षतिग्रस्त न हो।

