
डोंगरगांव| नगर पालिका क्षेत्र के कुम्हारपारा स्थित शिव मंदिर के समीप एक लावारिस कुत्ते ने महिला मजदूर पर हमला कर उसे घायल कर दिया। कुत्ते ने कोहका निवासी नामेश्वरी पति ओमलाल साहू (33 वर्ष) के दाहिने पैर में काट लिया। अचानक हुए हमले से महिला घबरा गई। मौके पर मौजूद लोगों ने काफी मशक्कत के बाद महिला को कुत्ते के चंगुल से बचाया।
घटना के बाद घायल महिला को उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। चिकित्सकों ने महिला को आवश्यक सावधानी बरतने की हिदायत दी।
नगर में आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या अब लोगों की सुरक्षा के लिए चिंता का विषय बनती जा रही है। विशेषकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को इनके हमले का खतरा बना रहता है। नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि आवारा कुत्तों पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

