
राजनांदगांव : मजदूरों की हड़ताल के 10वें दिन तीसरी बैठक में विवाद और गहराया…
राजनांदगांव | जोरातराई स्थित क्रेस्ट कंपनी के मजदूरों की मांगों पर 10 दिन से जारी हड़ताल के बीच श्रम विभाग में तीसरी बैठक भी बेनतीजा रही। श्रम पदाधिकारी उज्ज्वल भोई की मध्यस्थता में आयोजित बैठक में कंपनी प्रबंधन से क्रांति ऋषि और विनोद कुमार तथा यूनियन से छत्तीसगढ़ मुक्ति मोर्चा के अध्यक्ष भीमराव बागड़े, शिशुपाल साहू सहित श्रमिक प्रतिनिधि मौजूद रहे।
कंपनी प्रबंधन ने बैठक में बैलेंस शीट और रिटर्न प्रस्तुत करने से इंकार कर दिया तथा समझौते पर भी सहमति नहीं दी। यूनियन के अनुसार कंपनी में करीब 600 मजदूर कार्यरत हैं, जिनमें 92 का ही वर्गीकरण किया बाकी श्रमिकों को कुशल और अर्धकुशल श्रेणी अनुसार मिलने वाला वेतन नहीं दिया जा रहा। कई मजदूरों को प्रतिमाह 1300 से 2000 रुपए तक कम भुगतान होने का दावा किया गया। यूनियन ने यह भी आरोप लगाया कि बैलेंस शीट के अनुरूप बोनस का भुगतान नहीं किया गया। श्रमिक नेताओं ने श्रम विभाग से जांच रिपोर्ट के आधार पर मजदूरों का वर्गीकरण कराने और इसकी जानकारी जिला प्रशासन व यूनियन को देने की मांग की है।

