
राजनांदगांव। शहर के कमला कॉलेज रोड स्थित एक पान दुकान में अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोर दुकान में रखे कीमती सिगरेट, कोल्ड्रिंक, मैगी, ईनो और मिक्सचर के पैकेट सहित लगभग 12 हजार रुपये का सामान चोरी कर फरार हो गए। घटना की शिकायत पुलिस से की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, लालबाग हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी युवक के पिता जितेन्द्र तेजवानी ने कमला कॉलेज रोड पर देवांगन सब्जी दुकान के बाजू में गुरुकृपा पान पैलेस एवं जनरल स्टोर्स के नाम से दुकान खोली है। दुकान की देखरेख उनका पुत्र भी करता है।
शिकायत के अनुसार, 16 नवंबर की रात लगभग 12 बजे युवक दुकान बंद कर अपने घर चला गया था। अगले दिन जब उसके पिता जितेन्द्र तेजवानी दुकान खोलने पहुंचे तो दुकान का ताला टूटा हुआ मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। उन्होंने तत्काल अपने पुत्र को फोन कर इसकी जानकारी दी।
सूचना मिलते ही युवक दुकान पहुंचा और सामान की जांच की। इस दौरान दुकान से कीमती सिगरेट, कोल्ड्रिंक, मैगी के डिब्बे, ईनो और मिक्सचर के पैकेट गायब मिले। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 12 हजार रुपये बताई गई है।
अज्ञात चोर के खिलाफ कार्रवाई की मांग
दुकान संचालक की ओर से अज्ञात चोर के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई है।




