
राजनांदगांव : 14 से 21 मई तक सिंधु खेल महोत्सव, रात में क्रिकेट भी…
राजनांदगांव , पूज्य सिंधी पंचायत हेमू कालाणी नगर 14 मई से 21 मई तक आठ दिवसीय सिंधु खेल महोत्सव करा रही है। आयोजन समाज के सभी वर्गों के लिए रखा गया है। आकर्षण का केंद्र रात्रिकालीन क्रिकेट, वॉलीबॉल, इंडोर खेल रहेंगे। खेल प्रभारी गिरधारी पंजवानी, अशोक तेजवानी, व्यवस्था प्रभारी पंकज जेठानी ने बताया कि इस बार युवाओं में महोत्सव को लेकर जबरदस्त आकर्षण है।
क्रिकेट प्रतियोगिता रॉयल किड्स स्कूल परिसर में होगी। इसमें दो वर्गों की टीमें भाग लेंगी। वॉलीबॉल प्रतियोगिता माता मंदिर के सामने स्थित ग्राउंड में खेली जाएगी। इंडोर खेल सिंधु भवन में होंगे। इसमें कैरम, शतरंज, रस्सी कूद, रिंग थ्रो, स्पून दौड़, कुर्सी दौड़ शामिल हैं।
पंचायत के महासचिव हरीश मोटलानी, नितिन बत्रा ने बताया कि 14 मई को उद्घाटन सत्र संत झूलेलाल की पूजा के साथ होगा। इसके बाद खेल शुरू होंगे। आयोजन के लिए समिति बनाई गई है। अंपायर, कोच, प्रायोजक भी तय किए गए हैं। क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए विशेष तैयारी की गई है। उद्घाटन और समापन सत्र में अतिथियों को आमंत्रित किया गया है। महोत्सव में विजेताओं को आकर्षक इनाम दिए जाएंगे। बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं, युवाओं में प्रतियोगिता को लेकर उत्साह है।



