घुमका नगर पंचायत चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने अनुशासनहीनता एवं पार्टी विरोधी गतिविधियों को गंभीरता से लेते हुए कड़ा कदम उठाया है।
प्रवक्ता व मीडिया प्रभारी अनीस खान ने प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि जिला कांग्रेस कमेटी के प्रभारी महामंत्री राहुल तिवारी द्वारा जारी निष्कासन आदेश के अनुसार कांग्रेस पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ निर्दलीय चुनाव लड़ रहे घुमका मंडल उपाध्यक्ष श्री छन्नू लाल क्रौंचे एवं वरिष्ठ कांग्रेसी कार्यकर्ता श्री प्रहलाद यादव को कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से 6 वर्षों के लिए निष्कासित कर दिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार श्री छन्नू लाल कन्नोजे वार्ड क्रमांक 03 से तथा श्री प्रहलाद यादव वार्ड क्रमांक 02 से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में हैं, जिसे पार्टी विरोधी गतिविधि माना गया है। जिला कांग्रेस कमेटी ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए कार्रवाई की है।

अनीस खान ने बताया कि यह कार्रवाई जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष श्री विपिन यादव के निर्देशानुसार की गई है तथा आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
महामंत्री संगठन प्रभारी राहुल तिवारी ने जारी बयान में स्पष्ट कहा है कि कांग्रेस पार्टी संगठन एवं अनुशासन को सर्वोपरि मानती है। पार्टी हित एवं अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ कार्य करने वालों के प्रति भविष्य में भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी तथा किसी भी स्तर पर संरक्षण नहीं दिया जाएगा।
