
राजनांदगांव : गर्मी से 30 मेगावाट तक लोड बढ़ा लो- वोल्टेज, बार-बार बिजली गुल…
राजनांदगांव , बढ़ती गर्मी के बीच शहर में बिजली संकट गहराता जा रहा है। लोड 30 मेगावाट तक पहुंचने से लो वोल्टेज और बार-बार बिजली गुल की समस्या हो रही। बिजली आधारित कामकाज और बाजार में ग्राहकी प्रभावित हो रही। लोग गर्मी से परेशान हो रहें है। बिजली कंपनी के अफसरों ने आने वाले दिनों में शहरी क्षेत्र का लोड 35 मेगावाट तक जाने की आशंका जताई है। आम दिनों में यह लोड 25 मेगावाट तक रहता है। लोड बढ़ने से ट्रांसफार्मर और बिजली उपकरण काम नहीं कर रहे हैं।
बिजली कंपनी के अफसर शहरी आबादी बढ़ने के साथ ट्रांसफार्मरों और बिजली उपकरणों की क्षमता बढ़ाने का दावा करते रहे हैं। वर्तमान में ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में ट्रांसफॉर्मर और बिजली उपकरणों पर दबाव बढ़ गया है। उपकरण ओवरलोड के कारण ठीक से काम नहीं रहे, जिससे सप्लाई बाधित हो रही। बिजली की आंख-मिचौली से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। ग्रामीण इलाकों से भी इस तरह की शिकायतें सामने आने लगी है। जबकि अंचल के इलाकों के सब स्टेशन में अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने और क्षमता बढ़ाने का दावा किया जा रहा है। शहर के विभिन्न वार्डों से लो वोल्टेज और अचानक बिजली बंद होने की सभी स्टेशन में दर्जनभर से ज्यादा शिकायतें आ रही हैं।
इसी माह शहरी क्षेत्र में किया मेंटेनेंस बिजली कंपनी ने हालही में शहर में मेंटेनेंस कार्य किया है। बिजली कंपनी के अफसर मेंटेनेंस या कटौती नहीं करने की बात कह रहे हैं। लोड बढ़ने के कारण ट्रांसफार्मर में खराबी आने, जंपर उड़ने से सप्लाई बाधित हो रही। शनिवार शाम को हल्की आंधी चलने से आधे शहर में बिजली गुल हो गई। एक दिन पहले बिना आंधी चले पटरी पार इलाकों में पहले लो वोल्टेज हुआ फिर बिजली गुल होने से लोग परेशान रहे। लोगों ने शिकायती नंबरों पर फोन रिसीव नहीं करने की बात कही। रात लगभग 2 बजे मरम्मत के बाद चिखली, शांतिनगर में दोबारा सप्लाई शुरू हो सकी।दूसरी जगहों में भी परेशानी रही।
10 से ज्यादा कर्मी 3 शिफ्ट में सक्रिय हैं शहरी डिवीजन क्षेत्र के ईई कौशलेन्द्र पांडेय ने बताया आंधी चलने पर हादसे और नुकसान से बचने सप्लाई ऑटोमेटिक बंद होती है और चालू भी होती है। सब स्टेशनों में ऐसा सिस्टम लगा है। तीन शिफ्ट में 10 से ज्यादा कर्मी टीमों में बंट कर सुधार करने पहुंच रहें है। फोन रिसीव करने सख्त हिदायत दी गई। अफसरों के नंबर सार्वजनिक किए हैं। ताकि फोन रिसीव नहीं होने पर उनसे शिकायत की जा सके।
समस्या होने पर इन नंबरों में करें शिकायत: बिजली संबधित समस्या पर कैलाश नगर कार्यालय 07744-220251, 07744-225115, लालबाग 07744-222557, 62329-42848, केन्द्रीयकृत कॉल सेंटर 1912, मितान बॉट वाट्सएप नंबर 9425551912 में शिकायत कर सकते हैं।
मांग के हिसाब से नई लाइनें और लोड मैनेजमेंट की योजना जरूरी बढ़ती मांग को देख ट्रांसफॉर्मर अपग्रेड, नई लाइनें और लोड मैनेजमेंट की प्रभावी योजना जरूरी है। समय रहते सुधार नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में समस्या और गंभीर हो सकती है। बिजली विभाग के अफसरों का कहना है लोड बढ़ने के कारण दबाव बना है, लेकिन सुधार के प्रयास जारी हैं। विभाग की तैयारियों पर सवाल उठ रहे हैं। ज्यादा घनत्व और खपत वाले हिस्सों में एलटी लाइन, ट्रांसफार्मर, 11 केवी, 33.11 केवी उपकेंद्रों में लोडिंग से लो वोल्टेज और बिजली गुल की समस्या हो रही है।

