छत्तीसगढ़राजनांदगांव जिला

गैंदाटोला में छन्नी चंदू साहू के खिलाफ फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, पुतला दहन कर किया जोरदार प्रदर्शन

0 गैंदाटोला पूरी तरह बंद रहा
0 ग्रामीणों ने की शराब दुकान यथावत रखने की मांग

छुरिया :- ग्राम गैंदाटोला में आज पूर्व विधायक छन्नी चंदू साहू के खिलाफ ग्रामीणों का भारी आक्रोश देखने को मिला। शासकीय शराब दुकान को यथावत रखने के समर्थन में ग्राम के समस्त ग्रामीणों एवं व्यापारी संघ द्वारा एक दिवसीय बंद रखा गया। इस दौरान बाजार पूरी तरह बंद रहा तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण बस स्टैंड में एकत्रित होकर धरना प्रदर्शन में शामिल हुए।

प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने छन्नी चंदू साहू का पुतला दहन करते हुए जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप है कि छन्नी चंदू साहू राजनीतिक स्वार्थवश ग्राम गैंदाटोला का माहौल खराब करने का प्रयास कर रही हैं तथा अन्य गांव के लोगों को भड़काकर शासकीय शराब दुकान को अन्य स्थान पर स्थानांतरित कराने की साजिश रच रही हैं।

ग्रामीणों ने कहा कि जब छन्नी चंदू साहू विधायक थीं, तब क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री एवं कोचियागिरी की शिकायतें कई बार की गई थीं, लेकिन उस समय कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अब जब शासकीय व्यवस्था के माध्यम से गांव को सामाजिक लाभ मिल रहा है, तब इसे बंद कराने का प्रयास किया जा रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि वर्तमान में जिस भवन में शासकीय शराब दुकान संचालित हो रही है, उससे प्राप्त किराया राशि गांव के सामाजिक एवं जनहित कार्यों में उपयोग की जाती है। यदि दुकान को निजी स्थान पर स्थानांतरित किया गया तो गांव को मिलने वाला लाभ पूरी तरह समाप्त हो जाएगा।

धरना प्रदर्शन में शामिल लोगों ने प्रशासन से मांग की कि ग्राम गैंदाटोला की वास्तविक जनता की भावना को ध्यान में रखते हुए शासकीय शराब दुकान को वर्तमान स्थान पर ही संचालित रखा जाए तथा राजनीतिक दबाव पर रोक लगाई जाए।

प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं, व्यापारी, युवा एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button