जनपद अध्यक्ष के ध्यानाकर्षित कराए जाने पर मिला कार्यवाही का आश्वासन
छुरिया- किसान परिवारों की जमीन का सीमांकन लगभग साल भर से नहीं हो पाया है । पीड़ित किसान राजस्व अधिकारी के चक्कर पे चक्कर लगाकर परेशान हो गए । अतः उन्होंने जोब में आयोजित सुशासन तिहार में अपनी समस्या पहुंचाई । जनपद अध्यक्ष द्वारा ध्यानाकर्षित कराए जाने पर अपर कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र कार्यवाही किए जाने का आश्वासन दिया है ।
विकासखण्ड छुरिया में सुशासन तिहार 2026 के तहत जन समस्या निवारण शिविर जोब में आयोजित किया गया था । जहां नादियाखुर्द एवं मोहगांव के पीड़ित किसानों ने मंच पर आसीन जनपद अध्यक्ष संजय सिन्हा के समक्ष अपनी पीड़ा जाहिर करते हुए उन्हें बताया कि आपसी सहमति से वर्ष 2025 को तहसील कार्यालय में सीमांकन के लिए आवेदन किया गया था जिस पर तहसीलदार ने 27 मई 2025 को सीमांकन कराने का आदेश जारी किया था । लेकिन आज साल भर से अधिक समय होने के बाद भी राजस्व निरीक्षक हरिओम मेटोलकर द्वारा सीमांकन करने के लिए किसानों को चक्कर पे चक्कर लगवा रहे हैं । सीमांकन के लिए उनके द्वारा रकम की भी मांग की जा रही है । नहीं देने पर उन्हें तारीख का हवाला देकर लगातार टालमटोल किया जा रहा है इससे परेशान होकर शिविर में जनपद अध्यक्ष संजय सिन्हा के समक्ष किसानों ने पीड़ा जाहिर की । तब जनपद अध्यक्ष ने शिविर में पहुंचे अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डे के समक्ष किसानों की जमीन का सीमांकन नहीं किए जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए शिकायत दर्ज करायी । जहां अपर कलेक्टर मारकण्डे ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्यवाही करने का पीड़ित किसानों को आश्वासन दिया है ।
