CG : जगदलपुर में 214 बकायेदारों के नल कनेक्शन काटे …
जगदलपुर। नगर निगम ने जलकर बकायेदारों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया है कि, समय पर जलकर जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के नल कनेक्शन काटे जाएंगे। निगम अधिनियम के तहत कुर्की और अन्य वैधानिक वसूली की कार्रवाई भी की जाएगी। पिछले 3 महीने में निगम ने विशेष अभियान चलाकर जलकर के रूप में करीब 1 करोड़ 30 लाख रुपए की वसूली की है। नगर निगम के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग के चलाए जा रहे अभियान के तहत अब तक 214 बकायेदार उपभोक्ताओं के नल कनेक्शन काटे गए हैं। वहीं 138 अवैध नल कनेक्शन भी काटकर हटाए गए हैं। इसके अलावा 25 बकायेदारों को नोटिस जारी कर जल्द बकाया राशि जमा करने के निर्देश दिए गए हैं। निगम अधिकारियों के अनुसार, जलकर का भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ अब और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नल कनेक्शन काटने के अलावा कुर्की की कार्रवाई भी की जा सकती है। ऐसे मामलों में संबंधित उपभोक्ताओं को अतिरिक्त शुल्क, कार्रवाई का खर्च और अन्य कानूनी दायित्व भी वहन करने पड़ सकते हैं।
