CG : 7 वार्डों में पानी सप्लाई नहीं, लोग परेशान …
जगदलपुर। शहर में भीषण गर्मी के बीच स्वच्छ पेयजल व्यवस्था बनाए रखने के लिए नगर निगम पावर हाउस स्थित फिल्टर प्लांट के सेटलिंग टैंक की सफाई करवा रहा है, जिससे आज बुधवार को शहर के 7 वार्डों में दोपहर के समय पानी की सप्लाई बंद रहेगी। निगम प्रशासन ने लोगों से पहले से पानी स्टोर कर रखने की अपील की थी। नगर पालिक निगम की जलप्रदाय शाखा मानसून से पहले गर्मी के मौसम में शहरवासियों को स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के लिए सफाई कार्य में जुटी हुई है। तेज गर्मी और बढ़ती जल मांग के बावजूद फिल्टर प्लांट, पाइपलाइन और सेटलिंग टैंकों की मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि पानी की गुणवत्ता प्रभावित न हो।
आज बुधवार को पावर हाउस स्थित फिल्टर प्लांट में सेटलिंग टैंक की सफाई की जाएगी। सफाई कार्य के कारण शहर के कुछ इलाकों में दोपहर के समय जलापूर्ति प्रभावित रहेगी। जिन वार्डों में पानी सप्लाई बंद रहेगी उनमें प्रवीर वार्ड क्रमांक-01, विजय वार्ड क्रमांक-02, शिव मंदिर वार्ड क्रमांक-03, भैरमदेव वार्ड क्रमांक-04, वीर सावरकर वार्ड क्रमांक-05, प्रतापदेव वार्ड क्रमांक-11 और बालाजी वार्ड क्रमांक-13 शामिल हैं।
