CG : हमशक्ल लाया दूसरे की जमीन बेचने, रिटायर्ड लोको पायलट के साथ धोखाधड़ी…
बिलासपुर । सिरगिट्टी क्षेत्र में जमीन हड़पने का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। ठगों ने रेलवे से रिटायर्ड लोको पायलट की जमीन बेचने के लिए उसका हमशक्ल खड़ा कर दिया और फर्जी दस्तावेजों के सहारे रजिस्ट्री भी करा दी। इस धोखाधड़ी का खुलासा तब हुआ, जब बुजुर्ग ने राजस्व रिकॉर्ड की जांच की। जानकारी के अनुसार, बन्नाकडीह निवासी 74 वर्षीय कलीराम सतनामी रेलवे से लोको पायलट पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। सिरगिट्टी क्षेत्र में उनके नाम पर 12 डिसमिल जमीन दर्ज है। हाल ही में जब उन्होंने राजस्व अभिलेखों की जांच कराई तो उन्हें पता चला कि उनकी जमीन का हिस्सा कम हो चुका है।
बताया गया कि रिकॉर्ड में उनकी 12 डिसमिल जमीन घटकर 9 डिसमिल रह गई थी। मामले की जानकारी लेने वे रजिस्ट्री कार्यालय पहुंचे, जहां पूरे फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। आरोप है कि दीपक मिश्रा और रमेश कुमार पांडेय ने सुनियोजित साजिश के तहत किसी अज्ञात व्यक्ति को कलीराम सतनामी बनाकर पेश किया। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर केवल 65 हजार 500 रुपये में जमीन की रजिस्ट्री करा दी। पीड़ित कलीराम का कहना है कि उन्होंने कभी कोई जमीन नहीं बेची और न ही किसी रजिस्ट्री कार्यालय में गए।
मामले की शिकायत एसडीएम कार्यालय में किए जाने पर पटवारी जांच में भी गड़बड़ी सामने आई। पता चला कि वर्ष 2023-24 के दौरान उनकी 3 डिसमिल जमीन घसारी लक्ष्मी नामक महिला के नाम दर्ज कर दी गई थी। शिकायत के आधार पर सिरगिट्टी पुलिस ने दीपक मिश्रा और रमेश कुमार पांडेय के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब उस फर्जी कलीराम की तलाश भी कर रही है, जिसे रजिस्ट्री के दौरान गवाहों और अधिकारियों के सामने पेश किया गया था।



