छत्तीसगढ़बिलासपुर जिला

CG : ईंट भट्ठे में खोदे गए गड्ढे में 3 बच्चों की मौत…

बिलासपुर । उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में छत्तीसगढ़ के तीन मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई। ईंट निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में भरे बारिश के पानी में उतरने से तीनों बच्चे डूब गए। हादसा कुशीनगर जिले के कसया थाना क्षेत्र स्थित मैनपुर गांव के दीनापट्टी टोला में संचालित पंकज ईंट भट्ठा में हुआ। बताया गया कि शनिवार सुबह बच्चे खेलते-खेलते उस गड्ढे के पास पहुंच गए, जहां ईंट निर्माण के लिए मिट्टी निकाली गई थी।

गड्ढे में बारिश का पानी भरा हुआ था। मृत बच्चों में जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र के बाजा गांव निवासी 7 वर्षीय अनन्या, फरहदा गांव निवासी पंचू पटेल का 3 वर्षीय बेटा अभय तथा सुखन की ढाई वर्षीय बेटी अनुष्का शामिल हैं। सभी परिवार मजदूरी करते हुए बच्चों के साथ ईंट भट्ठा परिसर में ही रहते थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीनों बच्चे एक साथ पानी में उतर गए और गहराई में चले जाने से डूबने लगे। पास में खेल रही एक अन्य मजदूर की बच्ची ने घटना देख शोर मचाया।

इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और बच्चों को बाहर निकालकर कसया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। कसया थाना प्रभारी अशुतोष सिंह ने बताया कि मामले की आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर ली गई है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि मिट्टी खनन और गड्ढा खोदने की वैधानिक अनुमति ली गई थी या नहीं। कुशीनगर प्रशासन ने मृतक बच्चों के परिवारों को प्राकृतिक आपदा राहत कोष से चार-चार लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button