DPR छत्तीसगढ समाचाररायपुर जिला

CG : बेलौदी में उल्टी-दस्त के बढ़ते मामलों पर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

180 घरों का सर्वे, 56 मरीजों की पहचान, 11 अस्पताल में भर्ती

ग्रामीणों से उबला पानी पीने की अपील

रायपुर, दुर्ग जिले के पाटन विकासखंड के ग्राम बेलौदी में उल्टी-दस्त के मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। मरीजों की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची और प्रभावित क्षेत्र में व्यापक सर्वे एवं उपचार अभियान शुरू किया गया। स्वास्थ्य विभाग ने स्थिति को नियंत्रण में बताया है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देश पर जिला सर्विलांस अधिकारी, चिकित्सकों और स्थानीय स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, मितानिनों की टीम ने प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा गांव में लगातार सक्रिय सर्विलांस और घर-घर सर्वे किया जा रहा है।

बुधवार को 180 घरों का सर्वे किया गया, जिसमें उल्टी-दस्त के 7 नए मरीज मिले। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार 11 मई से अब तक कुल 56 मरीजों की पहचान की गई है। इनमें से 11 मरीजों का उपचार विभिन्न अस्पतालों में जारी है। चार मरीज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाटन में भर्ती हैं, जबकि दो मरीज जिला अस्पताल में उपचाररत हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।
स्वास्थ्य अधिकारियों ने ग्रामीणों से उबालकर पानी पीने, बासी एवं सड़ी-गली सब्जियों और खाद्य पदार्थों से परहेज करने तथा किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करने की अपील की है। ग्रामीण क्षेत्र में बीमारी के फैलाव को रोकने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button