
CG : शॉल, श्रीफल और तालियों की गूंज के बीच कलेक्टर डी. राहुल वेंकट को दी गई गरिमामयी विदाई
एमसीबी जिला हमेशा दिल में रहेगा – विदाई समारोह में भावुक हुए कलेक्टर डी. राहुल वेंकट
एमसीबी/ जिले के स्थानीय कलेक्ट्रेट परिसर में 07 मई को भावुक और गरिमामय माहौल के बीच जिला कलेक्टर डी. राहुल वेंकट को उनके स्थानांतरण पर भव्य विदाई दी गई। समारोह में जिले के प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों एवं गणमान्य नागरिकों की बड़ी उपस्थिति रही। पूरे कार्यक्रम के दौरान भावनाओं का ऐसा माहौल बना रहा कि कई कर्मचारियों की आँखें नम दिखाई दीं।
समारोह में समस्त विभागीय अधिकारियों ने कहा कि आपने ने अपने कार्यकाल के दौरान जिले को विकास की नई दिशा दी। उनकी प्रशासनिक कार्यशैली, आम जनता के प्रति संवेदनशीलता और समस्याओं के त्वरित निराकरण की कार्यपद्धति ने उन्हें आमजन के बीच बेहद लोकप्रिय बना दिया।
अधिकारियों ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, राजस्व, ग्रामीण विकास, जनसमस्या निवारण शिविरों और शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में उनके नेतृत्व की झलक स्पष्ट दिखाई दी। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कहा कि जिले की प्रगति के लिए आपने हमेशा टीम भावना के साथ कार्य किया और प्रशासनिक व्यवस्था को पारदर्शी एवं जनहितैषी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने हर वर्ग के लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और समाधान के लिए तत्परता दिखाई, जिसके कारण वे “जन-जन के कलेक्टर” के रूप में अपनी अलग पहचान बनाने में सफल रहे।
अपनी विदाई के अवसर पर भावुक होते हुए कलेक्टर डी. राहुल वेंकट ने कहा कि मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में बिताया गया समय उनके जीवन के सबसे यादगार और महत्वपूर्ण पलों में शामिल रहेगा। उन्होंने कहा कि यहां की जनता, अधिकारियों और कर्मचारियों से उन्हें जो सहयोग, स्नेह और विश्वास मिला, वह हमेशा उनके दिल में रहेगा।
उन्होंने कहा प्रशासन केवल शासन चलाने का माध्यम नहीं, बल्कि लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का दायित्व भी है। एमसीबी जिले में कार्य करते हुए मुझे जो अनुभव मिला, उसने मुझे बहुत कुछ सिखाया। यहां के लोगों का अपनापन और सहयोग मेरी सबसे बड़ी पूंजी है। मैं हमेशा इस जिले और यहां के लोगों से भावनात्मक रूप से जुड़ा रहूंगा। कलेक्टर ने जिले की निरंतर प्रगति और खुशहाली की कामना करते हुए कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि प्रशासनिक टीम आगे भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जिले के विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी।
कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधीक्षक रतना सिंह, जिला पंचायत सीईओ अंकिता सोम, अपर कलेक्टर नम्रता डोंगरे, अनिल कुमार सिदार, समस्त एसडीएम, समस्त जनपद सीईओ, समस्त तहसीलदार एवं वरिष्ठ विभागीय अधिकारियों ने कलेक्टर डी. राहुल वेंकट को शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। विदाई के समय उपस्थित अधिकारी एवं कर्मचारी भावुक नजर आए और सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।ose a block

