छत्तीसगढ़

पुरी की तर्ज पर रायपुर में जगन्नाथ रथयात्रा, ‘छेरा पहरा’ में शामिल होंगे राज्यपाल डेका और CM साय

By Admin|14 Jul 2026, 8:11 PM
f X W

रायपुर.

राजधानी रायपुर के गायत्री नगर स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर में भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा को लेकर तैयारियां पूरी हो गई हैं. 16 जुलाई को भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ तीनों दिव्य रथों पर सवार होकर नगर भ्रमण पर निकलेंगे.

वहीं 24 जुलाई को बाहुड़ा यात्रा का आयोजन किया जाएगा. रथयात्रा से पहले 14 जुलाई की शाम 6 बजे मंदिर परिसर में नेत्रोत्सव का धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होगा. श्री जगन्नाथ मंदिर सेवा समिति के संस्थापक अध्यक्ष और विधायक पुरंदर मिश्रा ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में रथ यात्रा को लेकर जानकारी दी. उन्होंने बताया कि रथयात्रा में राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भगवान के रथ के समक्ष सोने की झाड़ू से ‘छेरा पहरा’ की परंपरा निभाएंगे. यह परंपरा सेवा, समर्पण और समानता का संदेश देती है. आयोजन में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, संत-महात्मा और श्रद्धालु शामिल होंगे.

सुबह 11 बजे से होगा अभिषेक और हवन
पुरंदर मिश्रा ने कहा कि रथयात्रा भक्तों और भगवान के प्रत्यक्ष मिलन का महापर्व है. वर्ष में एक बार भगवान श्री जगन्नाथ मंदिर से बाहर निकलकर अपने भक्तों को दर्शन देते हैं. रथयात्रा के दिन सुबह 11 बजे वैदिक पंडितों द्वारा विशेष पूजा-अर्चना, अभिषेक और हवन किया जाएगा. भगवान का चंदन, केसर, कस्तूरी और कपूर सहित सुगंधित द्रव्यों से दिव्य स्नान कराया जाएगा. इसके बाद पारंपरिक गजामूंग महाप्रसाद अर्पित कर वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद और मंगल वाद्ययंत्रों के बीच भगवान को रथों पर विराजमान कराया जाएगा.

READ ALSO  CG : सेवा की कहानी : बिहान ने ममता राजवाड़े को दिखाई आत्मनिर्भरता की राह, किराना और फोटोकॉपी दुकान से कमा रहीं 25 से 30 हजार रूपये प्रतिमाह...
अगली खबर लोड हो रही है...

Related Articles

Back to top button