उत्तर प्रदेशराज्‍य

यूपीसीडा ने मेसर्स एयरटेल एनएक्सट्रा प्राइवेट लिमिटेड को जारी किया लेटर ऑफ इंटेंट

By Admin|05 Nov 2026, 10:06 PM
f X W

300 लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना

लखनऊ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश पारंपरिक औद्योगिक विकास के साथ-साथ आधुनिक तकनीक, डिजिटल अर्थव्यवस्था और भविष्य की जरूरतों से जुड़े उद्योगों का भी प्रमुख केंद्र बनकर उभर रहा है। प्रदेश सरकार की निवेश अनुकूल नीतियों, बेहतर औद्योगिक आधारभूत सुविधाओं और उद्यमियों को मिल रहे प्रोत्साहन का परिणाम है कि देश की अग्रणी कंपनियां उत्तर प्रदेश में अपनी औद्योगिक एवं तकनीकी परियोजनाएं स्थापित करने के लिए आगे आ रही हैं। इसी कड़ी में अब प्रयागराज में आधुनिक डेटा सेंटर की स्थापना का मार्ग प्रशस्त हुआ है। उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) ने प्रयागराज स्थित सरस्वती हाईटेक सिटी में 10 मेगावाट क्षमता के डेटा सेंटर की स्थापना के लिए मेसर्स एयरटेल एनएक्सट्रा प्राइवेट लिमिटेड को 5 नवंबर 2026 को लेटर ऑफ इंटेंट (LoI) जारी किया है। परियोजना के लिए कंपनी को 4.43 एकड़ भूमि (प्लॉट संख्या-5 एवं 7) आवंटित किए जाने की प्रक्रिया शुरू की गई है।

भारती एयरटेल समूह की डेटा सेंटर क्षेत्र में कार्यरत कंपनी द्वारा इस परियोजना में लगभग 220 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव है। परियोजना के धरातल पर उतरने से लगभग 300 लोगों के लिए प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है। इससे प्रयागराज में सूचना प्रौद्योगिकी आधारित गतिविधियों और सहायक व्यावसायिक सेवाओं को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार उत्तर प्रदेश को देश की डिजिटल अर्थव्यवस्था का मजबूत केंद्र बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का फोकस केवल निवेश आकर्षित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश में ऐसा आधुनिक औद्योगिक इकोसिस्टम विकसित करने पर है, जो नई तकनीक, नवाचार, डेटा प्रबंधन और डिजिटल सेवाओं के विस्तार को गति दे सके। प्रयागराज में प्रस्तावित डेटा सेंटर इसी दूरदर्शी सोच को आगे बढ़ाने वाला कदम है।

READ ALSO  यूपी चुनाव 2027 की तैयारी में जुटी बीजेपी, 2024 के झटकों से उबरने के लिए बनेगी नई रणनीति

एयरटेल एनएक्सट्रा भारत में हाइपरस्केल और एज डेटा सेंटर का व्यापक नेटवर्क संचालित करती है। कंपनी उद्यमों, क्लाउड सेवा प्रदाताओं और विभिन्न संस्थानों को सुरक्षित एवं विश्वसनीय डेटा सेंटर सेवाएं उपलब्ध कराती है। ऐसे प्रतिष्ठित समूह का प्रयागराज में निवेश के लिए आगे आना प्रदेश की औद्योगिक क्षमता और निवेश के अनुकूल वातावरण को दर्शाता है।

इस परियोजना से प्रदेश में डेटा स्टोरेज, क्लाउड कंप्यूटिंग, डिजिटल सेवाओं और सूचना प्रौद्योगिकी आधारित औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। साथ ही, इससे स्थानीय स्तर पर तकनीकी एवं सहायक सेवाओं से जुड़े व्यवसायों के लिए भी नए अवसर खुलेंगे।

इस अवसर पर यूपीसीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. बलकार सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दूरदर्शी नेतृत्व में उत्तर प्रदेश को देश के प्रमुख औद्योगिक एवं निवेश केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। प्रयागराज के सरस्वती हाईटेक सिटी में 10 मेगावाट क्षमता के डेटा सेंटर की स्थापना का प्रस्ताव प्रदेश में आधुनिक डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि इस परियोजना से प्रयागराज को डेटा सेंटर एवं सूचना प्रौद्योगिकी आधारित गतिविधियों के उभरते केंद्र के रूप में विकसित करने में सहायता मिलेगी। इससे डेटा स्टोरेज, क्लाउड सेवाओं और डिजिटल तकनीक से संबंधित औद्योगिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

अगली खबर लोड हो रही है...

Related Articles

2

Back to top button