छत्तीसगढ़

CG : DRM ने किया पावर हाउस स्टेशन का निरीक्षण, काम में लेट लतीफी पर जताई नाराजगी …

By kadwaghut|05 Nov 2026, 1:19 PM
f X W

भिलाई । अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत भिलाई पावर हाउस रेलवे स्टेशन पर चल रहा कायाकल्प और उन्नयन कार्य अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गया है। आगामी नए साल के फरवरी महीने में इस नवनिर्मित और आधुनिक सुविधाओं से लैस स्टेशन का उद्घाटन कर इसे आम जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। इस दिशा में चल रही तैयारियों और निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेने के लिए बुधवार को दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे रायपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक दयानंद ने स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण किया।

निरीक्षण दौरे के दौरान डीआरएम के साथ रेलवे डिवीजन स्तर के कई वरिष्ठ अधिकारी और तकनीकी विशेषज्ञ भी मौजूद थे। डीआरएम दयानंद ने पूरे स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्मों तथा निर्माणाधीन यात्री सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया। कार्यों में देरी और कुछ स्थानों पर दिखी गुणवत्ता संबंधी कमियों पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और संबंधित ठेका एजेंसी को निर्देश दिया कि शेष सभी बचे हुए कार्यों को हर हाल में जनवरी 2027 के भीतर पूरा कर लिया जाए। निरीक्षण के दौरान प्लेटफॉर्म नंबर एक पर स्थित नवनिर्मित वातानुकूलित प्रतीक्षालय का नया दरवाजा सीलन के कारण खराब पाया गया।

इस लापरवाही पर डीआरएम ने निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों को जमकर फटकार लगाई और तुरंत गुणवत्तापूर्ण सुधार के सख्त निर्देश दिए। इसके अलावा, उन्होंने सभी प्लेटफॉर्मों पर पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए आवश्यक सुझाव दिए तथा एस्केलेटर के शेष बचे काम को बिना किसी देरी के शीघ्र पूरा करने की हिदायत दी। पत्रकारों से चर्चा करते हुए डीआरएम दयानंद ने स्पष्ट किया कि उनके इस निरीक्षण दौरे का मुख्य उद्देश्य चल रहे विकास कार्यों की गति में तेजी लाना है।

READ ALSO  34,604 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 28,535 हुए शामिल, परीक्षा में 82.46 प्रतिशत रही उपस्थिति

उन्होंने साफगोई से स्वीकार किया कि केवल भिलाई पावर हाउस ही नहीं, बल्कि अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत जहां-जहां नवनिर्माण कार्य चल रहे हैं, वहाँ निर्माण एजेंसियों की ओर से कुछ लेट-लतीफी देखने को मिल रही है। उन्होंने आगे कहा कि परियोजना के इस अंतिम चरण में कार्यदायी एजेंसी को बदलना व्यावहारिक और संभव नहीं है, इसलिए मौजूदा एजेंसियों को ही श्रमबल बढ़ाकर काम में तेजी लाने का कड़ा निर्देश दिया गया है।

रेलवे प्रशासन की पूरी कोशिश है कि समयसीमा का पालन करते हुए फरवरी महीने तक भिलाई पावर हाउस स्टेशन का नवनिर्माण कार्य पूर्ण कर इसका औपचारिक उद्घाटन कर दिया जाए, ताकि यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिल सकें।

अगली खबर लोड हो रही है...

Related Articles

2

Back to top button