छत्तीसगढ़

सड़क-पुलों की गुणवत्ता सुधारने इंजीनियरों को मिलेगा विशेष प्रशिक्षण,डिप्टी सीएम अरुण साव करेंगे शुभारंभ

By Admin|04 Nov 2026, 11:12 AM
f X W

सड़क-पुलों की गुणवत्ता से लेकर नई निर्माण तकनीकों तक इंजीनियरों के लिए विशेष प्रशिक्षण

लोक निर्माण विभाग द्वारा राज्य स्तरीय गुणवत्ता नियंत्रण कार्यशाला का आयोजन, उप मुख्यमंत्री अरुण साव करेंगे शुभारंभ

पुल एवं भवन निर्माण, गुणवत्ता नियंत्रण, सर्वेक्षण, प्राक्कलन, निविदा प्रक्रिया और सड़कों के रखरखाव से जुड़े तकनीकी विषयों पर होगा प्रशिक्षण

मुख्य अभियंताओं से लेकर उप अभियंताओं तक की उपस्थिति अनिवार्य, एनआईटी के विशेषज्ञ और वरिष्ठ इंजीनियर देंगे प्रशिक्षण

रायपुर
 लोक निर्माण विभाग प्रदेशभर के इंजीनियरों को सड़क, पुल और भवन निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने निर्माण की विभिन्न तकनीकों का विशेष प्रशिक्षण देगा। इसके लिए विभाग द्वारा 4 नवम्बर को रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में राज्य स्तरीय गुणवत्ता नियंत्रण कार्यशाला आयोजित की जा रही है। उप मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण मंत्री अरुण साव सुबह 10 बजे कार्यशाला का शुभारंभ करेंगे। 

इस एक दिवसीय कार्यशाला में इंजीनियरों को पुलों की मजबूती और गुणवत्ता नियंत्रण, भवन निर्माण, सड़क निर्माण की आधुनिक तकनीकों, सर्वेक्षण, प्राक्कलन, निविदा प्रक्रिया और निर्माण कार्यों के रखरखाव से जुड़े तकनीकी पहलुओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा। लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ इंजीनियरों के साथ ही एनआईटी (राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान) रायपुर के विशेषज्ञ भी अलग-अलग विषयों पर प्रशिक्षण देंगे। विभाग ने प्रदेश के सभी मुख्य अभियंताओं, अधीक्षण अभियंताओं, कार्यपालन अभियंताओं, अनुविभागीय अधिकारियों और उप अभियंताओं को कार्यशाला में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।

लोक निर्माण विभाग की इस कार्यशाला में निर्माण कार्यों की प्रारंभिक तैयारी से लेकर गुणवत्ता नियंत्रण और रखरखाव तक के विभिन्न तकनीकी विषयों को शामिल किया गया है। इंजीनियरों को रोलर कॉम्पैक्टेड कंक्रीट और व्हाइट टॉप कंक्रीट जैसी सड़क निर्माण तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही फ्लेक्सिबल पेवमेंट, पुल निर्माण एवं गुणवत्ता नियंत्रण, भवन निर्माण तथा भवनों के रखरखाव से संबंधित तकनीकी विषयों पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। सर्वेक्षण एवं प्राक्कलन, निविदा दस्तावेजों की प्रक्रिया तथा वर्क्स एंड अकाउंट्स मॉनिटरिंग इंटिग्रेटेड सिस्टम (WAMIS), गवर्नमेंट ई-प्रीक्योरमेंट सिस्टम ऑफ नेशनल इनफॉर्मेटिक्स सेंटर (GePNIC) और पंजीयन संबंधी विषय भी प्रशिक्षण का हिस्सा होंगे।

READ ALSO  मंदिरों की व्यवस्था में बदलाव की मांग, मद्रास हाईकोर्ट के फैसले का पुजारी महासंघ ने किया स्वागत

पुल निर्माण और सड़क की नई तकनीकों पर विशेषज्ञ देंगे प्रशिक्षण

कार्यशाला में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी गुणवत्ता एवं निर्माण प्रक्रिया पर प्रशिक्षण देंगे। मुख्य अभियंता एस.के. कोरी पुल निर्माण एवं गुणवत्ता नियंत्रण तथा कार्यपालन अभियंता पी.के. गुप्ता सर्वेक्षण एवं प्राक्कलन के संबंध में जानकारी देंगे। अपर सचिव एस.एन. श्रीवास्तव निविदा दस्तावेजों से संबंधित विषय पर प्रशिक्षण देंगे।

वरिष्ठ वैज्ञानिक बिनोद कुमार ऑनलाइन माध्यम से रोलर कॉम्पैक्टेड कंक्रीट और व्हाइट टॉप कंक्रीट तकनीक पर व्याख्यान देंगे। सेवानिवृत्त प्रमुख अभियंता डी.के. प्रधान भवन निर्माण एवं गुणवत्ता नियंत्रण पर प्रशिक्षण देंगे। एनआईटी रायपुर के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सनी देओल फ्लेक्सिबल पेवमेंट तथा प्रोफेसर जी.डी. रामटेके भवनों के रखरखाव के तकनीकी पहलुओं से इंजीनियरों को अवगत कराएंगे। छत्तीसगढ़ सड़क एवं अधोसंरचना विकास निगम (CGRIDCL) के अतिरिक्त प्रबंध संचालक शशांक पाण्डेय वर्क्स एंड अकाउंट्स मॉनिटरिंग इंटिग्रेटेड सिस्टम (WAMIS), गवर्नमेंट ई-प्रोक्योरमेंट सिस्टम ऑफ नेशनल इनफॉर्मेटिक्स सेंटर (GePNIC) और पंजीयन प्रक्रियाओं पर प्रशिक्षण देंगे।

अगली खबर लोड हो रही है...

Related Articles

2

Back to top button