राजनांदगांव : संविधान दिवस पर नगर में निकलेगी बाइक रैली…

राजनांदगांव | भारत रत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के विचारों, संवैधानिक मूल्यों और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 26 नवंबर को संविधान दिवस पर राजनांदगांव में बाइक रैली निकाली जाएगी। बौद्ध कल्याण समिति ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। डीजे साउंड सिस्टम के साथ बाइक रैली निकालने का निर्णय लिया गया है।
इस संबंध में डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर सांस्कृतिक भवन, सिविल लाइन, राजनांदगांव में बौद्ध कल्याण समिति की बैठक हुई। इस बात पर जोर दिया गया कि संविधान दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय संविधान में निहित स्वतंत्रता, समानता, बंधुत्व और न्याय के आदर्शों को स्मरण करने का महत्वपूर्ण अवसर है।
डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर ने संविधान के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को समान अधिकार और सम्मान के साथ आगे बढ़ने का मार्ग प्रदान किया। ऐसे में संविधान दिवस पर आयोजित होने वाली बाइक रैली के जरिए उनके विचारों और संवैधानिक चेतना का संदेश व्यापक स्तर पर पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।




