छत्तीसगढ़राजनांदगांव जिला

Rajnandgaon: दीपावली पर्व के मद्देनजर खाद्य एवं औषधि प्रशासन की ताबड़तोड़ कार्रवाई: हल्दीराम रेस्टोरेंट व ज्योति बेकरी से लिए गए नमूने, मिलावटखोरों पर निगरानी के लिए 02 टीमें लगातार सक्रिय

By kadwaghut|26 Oct 2026, 7:22 PM
f X W

आगामी दीपावली एवं अन्य त्योहारों के पावन अवसर पर आम नागरिकों को शुद्ध, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, छत्तीसगढ़ तथा कलेक्टर, राजनांदगांव के निर्देशानुसार जिले में विशेष सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। त्योहारों के दृष्टिगत मिलावट पर प्रभावी रोकथाम हेतु जिले में 02 अलग-अलग द्वारा मिष्ठान्न भंडारों, बेकरियों एवं निर्माण इकाइयों का निरंतर औचक निरीक्षण कर रही हैं।

इसी कड़ी में आज खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की दो टीमों द्वारा शहर के प्रमुख खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया गया:
पहली टीम द्वारा कार्रवाई: प्रतिष्ठित खाद्य प्रतिष्ठान ‘हल्दीराम रेस्टोरेंट एंड स्वीट्स’ का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत गुणवत्ता परीक्षण हेतु मलाई पेड़ा एवं काजू कतली का नमूना ( Sample) संकलित किया गया। साथ ही निर्माण व भंडारण परिसर में साफ-सफाई एवं हाइजीन मानकों की विस्तृत जांच की गई।

दूसरी टीम द्वारा कार्रवाई: बेकरी उत्पादों की जांच हेतु ‘ज्योति बेकरी’ जंगलपुर का औचक निरीक्षण किया गया। यहां निर्मित उत्पादों की गुणवत्ता परखने हेतु नानखटाई का नमूना विधिवत संकलित किया गया। इसके अतिरिक्त संचालक को निर्माण सामग्री के उचित रख-रखाव एवं स्वच्छता प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

संकलित किए गए सभी नमूनों को नियमानुसार जांच एवं विश्लेषण हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत यदि उत्पाद अमानक अथवा मिलावटी पाए जाते हैं, तो संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 एवं नियम/विनियम, 2011 के क प्रावधानों के तहत सक्षम न्यायालय में प्रकरण प्रस्तुत कर सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

READ ALSO  CG : दुर्गा पंडाल से चेन चोरी करने वाली 3 महिलाएं गिरफ्तार ...

बाहरी व मौसमी व्यापारियों पर विशेष निगरानी; त्योहारों तक जारी रहेगा सघन अभियान

विभाग की दोनों टीमें आगामी त्योहारों तक जिले के समस्त शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में निरंतर सक्रीय रहेंगी। विशेष रूप से यह देखने में आता है कि त्योहारों के समय जिले के भीतर एवं अन्य जिलों/राज्यों से कई मौसमी खाद्य कारोबारी अस्थाई स्टॉल लगाकर अथवा थोक रूप में मिठाइयों एवं अन्य खाद्य सामग्रियों का विक्रय करने पहुंचते हैं। ऐसे सभी मौसमी व बाहरी कारोबारियों पर विभाग द्वारा पैनी नजर रखी जा रही है तथा उनकी सामग्रियों की भी सघन जांच की जाएगी।

विभाग द्वारा खोवा, मावा, पनीर, घी, खाद्य तेल, रंगीन मिठाइयों तथा डिब्बाबंद खाद्य सामग्रियों की विशेष निगरानी की जा रही है। समस्त स्थायी व मौसमी खाद्य कारोबारियों से अपील की जाती है कि वे:

खाद्य सुरक्षा नियमों का पूर्णतः पालन करते हुए केवल उच्च गुणवत्तायुक्त कच्चे माल का ही उपयोग करें।

विक्रय हेतु रखी गई खुली मिठाइयों के ट्रे पर निर्माण तिथि एवं ‘बेस्ट बिफोर’ (Best Before) तिथि अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करें।

किसी भी प्रकार के अखाद्य, प्रतिबंधित रंगों अथवा घटिया गुणवत्ता वाली सामग्रियों का उपयोग कदापि न करें।

खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने, अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य सामग्री तैयार करने अथवा मिलावट पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के विरुद्ध जब्ती, लाइसेंस/पंजीयन निरस्तीकरण एवं कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

अगली खबर लोड हो रही है...

Related Articles

Back to top button