छत्तीसगढ़धमतरी जिला

CG : धमतरी की सड़कों को मिलेगा आधुनिक स्वरूप, सुगम होगा आवागमन …

By kadwaghut|23 Oct 2026, 12:26 PM
f X W

महापौर रामू रोहरा एवं कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने किए जा रहे सड़क निर्माण कार्यों का लिया जायजा

धमतरी । धमतरी शहर में नागरिक सुविधाओं के विस्तार, सुगम यातायात और आधुनिक शहरी अधोसंरचना के विकास के उद्देश्य से सड़क निर्माण एवं सौंदर्यीकरण के कार्यों को गति दी जा रही है। इसी क्रम में महापौर रामू रोहरा एवं कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने सिहावा चौक से कोलियारी तक लगभग 5 किलोमीटर लंबाई में निर्माणाधीन फोरलेन सड़क के कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान नगर निगम आयुक्त अरुण कुमार वर्मा, लोक निर्माण विभाग के एसडीओ मुरलीधर पैकरा, नगर निगम के पीडब्ल्यूडी प्रभारी पिंटू यादव सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि सड़क के दोनों ओर जल निकासी के लिए नाली निर्माण का कार्य प्रगतिरत है। परियोजना के तहत आवश्यक प्रारंभिक कार्य भी शुरू कर दिए गए हैं। अधिकारियों ने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुरूप किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। इसी तरह रत्नाबांधा चौक से मुजगहन तक लगभग 4.4 किलोमीटर लंबाई की फोरलेन सड़क निर्माण की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है। इसके अतिरिक्त शहर के मध्य डिवाइडर निर्माण का कार्य अंतिम चरण में है तथा रंग-रोगन का कार्य जारी है। शहर की अन्य महत्वपूर्ण सड़कों के विकास के लिए भी निविदा प्रक्रिया प्रारंभ की गई है।

आधुनिक सुविधाओं से युक्त होंगी सड़कें

दोनों फोरलेन सड़क परियोजनाओं में सड़क चौड़ीकरण के साथ आधुनिक पाथ-वे, सुव्यवस्थित जल निकासी, सड़क सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था तथा सड़क किनारे सौंदर्यीकरण के कार्य शामिल हैं। भविष्य में पेयजल पाइपलाइन एवं अन्य शहरी सेवाओं की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए निर्माण किया जा रहा है , ताकि बार-बार सड़क की खुदाई से बचा जा सके और नागरिकों को लंबे समय तक बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

READ ALSO  CG : सोनालिया पुल से ओवरब्रिज तक महाजाम, घंटों फंसे रहे वाहन; यातायात व्यवस्था पर उठे सवाल...

व्यापार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा

महापौर रामू रोहरा ने कहा कि धमतरी को स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित एवं आधुनिक शहर के रूप में विकसित करने के लिए नगर निगम और जिला प्रशासन समन्वित रूप से कार्य कर रहे हैं। फोरलेन सड़कों के निर्माण से यातायात अधिक सुगम होगा और शहर के विभिन्न क्षेत्रों के बीच आवागमन की सुविधा बेहतर बनेगी। इससे व्यापार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। सड़क किनारे हरित पट्टियों, आकर्षक पाथ-वे और सौंदर्यीकरण से शहर की सुंदरता में वृद्धि होगी।

कोलियारी तिराहे का होगा आकर्षक सौंदर्यीकरण

शहर के सौंदर्यीकरण और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में कोलियरी तिराहे को भी आकर्षक एवं व्यवस्थित स्वरूप देने की योजना है। सुव्यवस्थित यातायात प्रबंधन और सौंदर्यीकरण के माध्यम से कोलियारी तिराहे को शहर के प्रमुख आकर्षक स्थलों में विकसित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा। इससे शहर की सुंदरता में वृद्धि होने के साथ नागरिकों को आवागमन में भी बेहतर सुविधा मिलेगी।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि धमतरी शहर की बढ़ती आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अधोसंरचना विकास के कार्य सुनियोजित ढंग से किए जा रहे हैं। सड़क निर्माण के साथ गुणवत्ता, समय-सीमा, प्रभावी जल निकासी, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से यातायात दबाव कम करने, आवागमन को सुरक्षित बनाने और शहर को व्यवस्थित स्वरूप प्रदान करने में मदद मिलेगी।

राज्य शासन के मार्गदर्शन में धमतरी में सड़क, परिवहन, पेयजल, स्वच्छता और शहरी सौंदर्यीकरण से जुड़े विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। इन प्रयासों से शहरवासियों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध होने के साथ धमतरी के सुनियोजित एवं सतत शहरी विकास को नई दिशा मिलेगी।

READ ALSO  वेदांता कर्मचारियों की बल्ले-बल्ले! त्योहार पर चेयरमैन ग्रांट के तहत मिलेगा अतिरिक्त पैसा

अगली खबर लोड हो रही है...

Related Articles

Back to top button