Rajnandgaon : शिवनाथ वाटिका में संस्कारधानी गरबा उत्सव की धूम, सांस्कृतिक और भक्तिमय गीतों पर झूम रहे गरबा प्रेमी
दुर्ग-भिलाई सहित दूसरे शहरों से भी बड़ी संख्या में पहुंच रहे लोग, पारंपरिक वेशभूषा में गरबा नृत्य की शानदार प्रस्तुतियां, श्रेष्ठ प्रतिभागियों को मिल रहे आकर्षक पुरस्कार
राजनांदगांव,। संस्कारधानी के लखोली नाका, मठपारा रोड स्थित शिवनाथ वाटिका में आयोजित संस्कारधानी गरबा उत्सव की धूम लगातार बढ़ती जा रही है। नवरात्रि पर्व के अवसर पर आयोजित इस भव्य गरबा महोत्सव में माता रानी की भक्ति, भारतीय संस्कृति और पारंपरिक गरबा नृत्य का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। रंग-बिरंगी रोशनी, आकर्षक सजावट और सांस्कृतिक एवं भक्तिमय गीतों की मधुर धुनों ने पूरे आयोजन स्थल को भक्तिमय और उल्लासपूर्ण बना दिया है।
दुर्ग-भिलाई सहित दूसरे शहरों से भी पहुंच रहे गरबा प्रेमी
संस्कारधानी गरबा उत्सव की लोकप्रियता अब राजनांदगांव तक ही सीमित नहीं रह गई है। आयोजन में दुर्ग, भिलाई सहित आसपास के अन्य शहरों से भी बड़ी संख्या में लोग बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने पहुंच रहे हैं। पारंपरिक वेशभूषा में सजे युवक-युवतियां, महिलाएं और बच्चे गरबा नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का दिल जीत रहे हैं। देर शाम से ही शिवनाथ वाटिका में गरबा प्रेमियों और दर्शकों की भीड़ उमड़ रही है।
सांस्कृतिक और भक्तिमय गीतों को दिया जा रहा विशेष महत्व
गरबा महोत्सव में भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। माता रानी के भजनों, पारंपरिक गरबा गीतों और सांस्कृतिक गीतों की धुनों पर प्रतिभागी उत्साहपूर्वक गरबा नृत्य कर रहे हैं। आयोजन स्थल पर भक्तिमय वातावरण के बीच गरबा की शानदार प्रस्तुतियां लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने की आयोजन की सराहना

संस्कारधानी गरबा उत्सव में विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी शामिल हुए। उन्होंने आयोजन स्थल पहुंचकर गरबा महोत्सव का अवलोकन किया तथा भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और माता रानी की भक्ति पर आधारित कार्यक्रम की सराहना की। सांस्कृतिक एवं भक्तिमय गीतों के माध्यम से गरबा आयोजन को पारंपरिक स्वरूप में आयोजित किए जाने की पहल की प्रशंसा करते हुए उन्होंने इसे सनातन संस्कृति और धार्मिक परंपराओं को बढ़ावा देने वाला आयोजन बताया। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं और गरबा प्रेमियों का उत्साह भी देखने को मिला।
श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों पर पुरस्कारों की बौछार
गरबा उत्सव में प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाने के लिए विभिन्न श्रेणियों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वालों को आकर्षक पुरस्कारों से सम्मानित किया जा रहा है। बच्चों से लेकर युवाओं और महिलाओं तक सभी वर्गों के प्रतिभागी पूरे उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। शानदार गरबा नृत्य, आकर्षक पारंपरिक परिधान और बेहतरीन प्रस्तुतियां कार्यक्रम की रौनक बढ़ा रही हैं।
शिवनाथ वाटिका बना आकर्षण का केंद्र
संस्कारधानी उत्सव समिति द्वारा आयोजित गरबा महोत्सव में भव्य सजावट, आकर्षक विद्युत रोशनी और बेहतरीन व्यवस्थाओं के बीच प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। आयोजन को लेकर शहरवासियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
समिति के कोषाध्यक्ष अवंत अग्रवाल और सचिव राहुल चोपड़ा ने बताया कि गरबा उत्सव को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह है। राजनांदगांव के साथ ही दुर्ग-भिलाई और अन्य शहरों से भी लोग इस आयोजन में शामिल हो रहे हैं। भारतीय संस्कृति, पारंपरिक गरबा नृत्य और माता रानी की भक्ति को बढ़ावा देना आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है। उक्त जानकारी समिति के उपाध्यक्ष सौरभ कांकरिया ने दी.






