CG : ऑपरेशन प्रहार में पूंजीपथरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 17.9 टन अवैध कबाड़ जब्त…
रायगढ़ । जिले में कबाड़ के अवैध परिवहन और अवैध खरीदी-बिक्री के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पूंजीपथरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो माजदा वाहनों से करीब 17 टन 900 किलो स्क्रैप बरामद किया है। पुलिस ने कबाड़ और परिवहन में इस्तेमाल दोनों वाहनों को जब्त करते हुए कुल करीब 26 लाख 26 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई 2 अक्टूबर 2026 को ग्राम देलारी स्थित रायगढ़ इस्पात के पास की गई। अभियान के तहत एडिशनल एसपी अनिल सोनी और डीएसपी सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन में पूंजीपथरा पुलिस की टीम अवैध कबाड़ परिवहन पर नजर रख रही थी। इसी दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव को मुखबिर से सूचना मिली कि माजदा वाहनों के जरिए बड़ी मात्रा में कबाड़ का अवैध परिवहन किया जा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम देलारी में रायगढ़ इस्पात के पास घेराबंदी की। इस दौरान संदिग्ध दो माजदा वाहनों को रोककर उनकी जांच की गई। पहले वाहन क्रमांक CG07CC0311 की तलाशी लेने पर उसमें विभिन्न प्रकार के टीन, लोहे के टुकड़े, रॉड और वाहन पार्ट्स का स्क्रैप मिला। इसका वजन करीब 9 टन 690 किलो और अनुमानित कीमत 3 लाख 39 हजार 150 रुपये बताई गई।
इसके बाद दूसरे वाहन क्रमांक OD31G8488 की भी जांच की गई। इस वाहन से भी टीन, लोहे के टुकड़े, रॉड और वाहन पार्ट्स से संबंधित स्क्रैप बरामद हुआ। इसका वजन करीब 8 टन 210 किलो और अनुमानित कीमत 2 लाख 87 हजार 350 रुपये आंकी गई। पुलिस ने दोनों वाहन चालकों से बरामद स्क्रैप के संबंध में पूछताछ की। पूछताछ के दौरान वे कबाड़ के स्रोत और परिवहन को लेकर कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके अलावा स्क्रैप के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके बाद पुलिस ने दोनों वाहनों में लदे कबाड़ को जब्त कर लिया।
कार्रवाई में कुल 17 टन 900 किलो स्क्रैप, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 6 लाख 26 हजार 500 रुपये है, जब्त किया गया। इसके अलावा कबाड़ के परिवहन में इस्तेमाल किए गए दोनों माजदा वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है। इस तरह पुलिस ने कुल करीब 26 लाख 26 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की। मामले में दोनों वाहन चालकों के खिलाफ अलग-अलग वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने इस्तगासा क्रमांक 50/2026 और 51/2026 के तहत धारा 35(क)(ड) BNSS/303(2) BNS में कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार पकड़े गए लोगों में लालमणी गणतिया, निवासी सिदांडीमुडा, पोस्ट सरगळ, थाना व जिला बलांगिर, ओडिशा और मो. अपरार, उम्र 32 वर्ष, निवासी कमरिया, थाना मौदाहा, जिला हमीरपुर, उत्तर प्रदेश शामिल हैं। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि कबाड़ के अवैध परिवहन और अवैध खरीदी-बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध गतिविधियों में शामिल पाए जाने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



