बाजार के पास पिस्टल दिखाकर धमकाने के मामले में चार आरोपी गिरफ्तार, हथियार और मैगजीन जब्त

राजनांदगांव। जिले के चिखली चौकी क्षेत्र में पिस्टल दिखाकर आम लोगों को डराने-धमकाने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल और मैगजीन जब्त की है। चारों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, चिखली चौकी क्षेत्र के बड़ा तालाब स्थित रमन बाजार के पास कुछ लोगों द्वारा पिस्टल दिखाकर आम नागरिकों को डराने-धमकाने की सूचना मुखबिर से प्राप्त हुई थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की।
https://youtube.com/shorts/nUISUiGg0Xc?si=6k52U-ZMwi09hT5V इस दौरान पुलिस ने एक आरोपी को पिस्टल और मैगजीन के साथ पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी से पूछताछ करते हुए मामले की जांच आगे बढ़ाई।
पूछताछ के आधार पर तीन अन्य आरोपी भी गिरफ्तार
पुलिस की जांच और पूछताछ के आधार पर तीन अन्य आरोपियों की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने सभी चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धनुष साहू, शेख शाहबाज, जफर मोमीन और ऐश्वर्या झा के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल और मैगजीन बरामद कर जब्त की है।
क्षेत्र में दबदबा बनाने के लिए धमकाने का आरोप
पुलिस के अनुसार, आरोपियों पर क्षेत्र में अपना दबदबा कायम करने के उद्देश्य से पिस्टल दिखाकर लोगों को डराने-धमकाने का आरोप है। जांच के दौरान आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की। इसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हथियार दिखाकर आम लोगों को भयभीत करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संदेश दिया गया है।




