CG : कार में भरकर ले जा रहे थे अवैध शराब, 144 लीटर से ज्यादा शराब के साथ दो आरोपी गिरफ्तार …
कांकेर। जिले के कोयलीबेड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार से अवैध शराब परिवहन करते दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की। इसके अलावा नकदी और शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही टाटा इंडिका कार को भी जब्त किया गया है। जब्त सामान की कुल कीमत 1 लाख 11 हजार 80 रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार गुरुवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कार में बड़ी मात्रा में अवैध शराब ले जाई जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने संबंधित मार्ग पर घेराबंदी की और संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की।
इसी दौरान सफेद रंग की टाटा इंडिका कार क्रमांक CG 04 HC 1986 को रोका गया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब और बीयर मिली। पुलिस ने मौके पर शराब से संबंधित दस्तावेज मांगे, लेकिन वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पूरी खेप जब्त कर ली गई। पुलिस के मुताबिक कार से 5 पेटी ग्रांड कोलंबिया शराब बरामद की गई। प्रत्येक पेटी में 48-48 पौवा रखे हुए थे। इसके अलावा 4 पेटी शीम्बा बीयर मिली, जिनमें कुल 48 बोतलें थीं। वहीं 9 पेटी प्रेसिडेंट 5000 सुपर स्ट्रॉन्ग बीयर भी बरामद की गई, जिनमें कुल 108 बोतलें रखी थीं।
इस पूरी कार्रवाई में कुल 144.600 लीटर शराब जब्त की गई है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 60 हजार 480 रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 600 रुपये नकद भी जब्त किए हैं। वहीं शराब परिवहन में इस्तेमाल की गई टाटा इंडिका कार की अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये आंकी गई है। इस तरह शराब, नकदी और वाहन समेत कुल 1 लाख 11 हजार 80 रुपये की संपत्ति पुलिस ने जब्त की है। मौके पर कार्रवाई के बाद पुलिस ने कार सवार दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के बाद उनकी पहचान मोहनलाल नेताम उम्र 36 वर्ष और भगत सिंह ताम्रकार उम्र 39 वर्ष के रूप में हुई। दोनों ग्राम डुमरकोट जिला कांकेर के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों से यह जानकारी जुटाने की कोशिश की कि इतनी बड़ी मात्रा में शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। अवैध शराब के संभावित स्रोत और सप्लाई नेटवर्क के बारे में भी जांच की जा रही है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब की बिक्री और परिवहन के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। मुखबिर तंत्र को सक्रिय रखने के साथ ही संदिग्ध वाहनों की जांच भी की जा रही है। कोयलीबेड़ा थाना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध शराब परिवहन, भंडारण और बिक्री करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। फिलहाल मामले में जब्त शराब, कार और आरोपियों से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।




