CG : गणेश विसर्जन से लौटा फिर अचानक हुआ लापता, नदी में मिला युवक का शव …
रायगढ़: जिले के छाल थाना क्षेत्र में गणेश विसर्जन के बाद लापता हुए 22 वर्षीय युवक का शव मांड नदी में मिला है। मंगलवार को बंगरसुता पुल के पास नदी की झाड़ियों में शव दिखाई देने के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। परिजनों ने शव की पहचान ओम राठिया, निवासी कुड़ेकेला के रूप में की। युवक करीब दो दिनों से लापता था। मिली जानकारी के अनुसार, ओम राठिया रविवार शाम दोस्तों और ग्रामीणों के साथ गणेश विसर्जन कार्यक्रम में शामिल हुआ था। विसर्जन के बाद वह घर लौट आया था। घर पहुंचने के कुछ देर बाद वह बिना किसी को बताए दोबारा बाहर निकल गया।
देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों, दोस्तों और आसपास के इलाकों में खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। मंगलवार को ग्रामीणों ने मांड नदी में बंगरसुता पुल के पास झाड़ियों में एक शव देखा। इसकी जानकारी मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए। परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे और शव की पहचान ओम राठिया के रूप में की। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। छाल पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम (FSL) को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस और FSL टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत मर्ग कायम किया है। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल भेज दिया गया। फिलहाल ओम राठिया की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। प्रारंभिक तौर पर नदी में डूबने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।


