राजनांदगांव : एक लाख दीपों से जगमगाया रानी सागर व बूढ़ा सागर…
राजनांदगांव , प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर गुरुवार की शाम शहर में दीपों की ऐसी रोशनी बिखरी कि रानी सागर, बूढ़ा सागर और प्राचीन मां शीतला मंदिर परिसर दीपों से जगमगा उठा। ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत करीब एक लाख दीप प्रज्वलित किए गए। हजारों दीपों की कतारों से पूरा क्षेत्र रोशन हो गया। भव्य कार्यक्रम के बाद आतिशबाजी ने आयोजन में और रंग भर दिया।
दीपों की रोशनी से सजा यह नजारा शहरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। आयोजन में बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हुए। रानी सागर और बूढ़ा सागर के आसपास जलते दीपों तथा मां शीतला मंदिर की रोशनी ने पूरे क्षेत्र को उत्सवी रूप दे दिया। लोगों ने दीपोत्सव के इस दृश्य को मोबाइल कैमरों में भी कैद किया। मोदी के जन्मदिन को केवल शहर तक सीमित न रखते हुए जिले के प्रत्येक बूथ तक पहुंचाने की योजना बनाई गई थी। इसी के तहत जिले के 1072 बूथों पर भी 100-100 दीप प्रज्वलित किए गए। यानी बूथ स्तर पर भी दीप जलाए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर वार्ड क्रमांक 45 में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। पार्षद दुरेंद्र साहू ने बताया कि इस अवसर पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय, महाराणा प्रताप की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर राष्ट्रसेवा, जनसेवा के संकल्प को दोहराया गया। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं, वार्डवासी जुटे।




