छत्तीसगढ़दुर्ग जिला

CG : निःशुल्क सहायक उपकरण, मूल्यांकन शिविर 6 से 17 सितंबर तक…

By kadwaghut|06 Sep 2026, 4:29 PM
f X W

एआईसी एवं ईआईएल के सीएसआर मद से एलिम्को जबलपुर द्वारा आयोजित होंगे शिविर

Advertisement
Advertisement

दुर्ग । जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग दुर्ग के सहयोग से जिले के दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठजनों को निःशुल्क सहायक उपकरण प्रदान करने हेतु मूल्यांकन, परीक्षण एवं चिन्हांकन शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर एग्रीकल्चर इन्श्योरेंस कंपनी ऑफ इंडिया लिमिटेड (AIC) तथा इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड (EIL) की निगमित सामाजिक दायित्व (CSR) योजना के अंतर्गत भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को), जबलपुर के माध्यम से आयोजित किए जाएंगे। उप संचालक समाज कल्याण से प्राप्त जानकारी अनुसार शिविरों का आयोजन दो पृथक-पृथक चरणों में तिथिवार एवं क्षेत्रवार किया जाएगा।

प्रथम चरण में एग्रीकल्चर इन्श्योरेंस कंपनी ऑफ इंडिया लिमिटेड (AIC) के सौजन्य से दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठजनों दोनों के लिए मूल्यांकन शिविर आयोजित होंगे। इसके तहत 06 सितंबर 2026 को सुपेला भिलाई स्थित भक्त माता कर्मा सांस्कृतिक भवन (लाल बहादुर शास्त्री चिकित्सालय के पास) में शिविर लगेगा, जिसमें नगर पालिक निगम दुर्ग, भिलाई एवं जनपद पंचायत दुर्ग के समस्त ग्राम पंचायत शामिल होंगे। इसके पश्चात 07 सितंबर 2026 को मंगल भवन (नगर पालिक निगम भिलाई-चरोदा के पीछे) में शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें नगर पालिक निगम भिलाई-चरोदा, नगर पालिका परिषद कुम्हारी, जामुल, अहिवारा, नगर पंचायत धमधा एवं जनपद पंचायत धमधा के समस्त ग्राम पंचायत शामिल होंगे। वहीं 08 सितंबर 2026 को नगर पालिक निगम रिसाली के सभागार में शिविर होगा, जिसमें नगर पालिक निगम रिसाली, नगर पंचायत पाटन, जनपद पंचायत पाटन, नगर पालिका परिषद अमलेश्वर एवं नगर पंचायत उतई क्षेत्र के हितग्राही सम्मिलित होंगे।

द्वितीय चरण में इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड (EIL) के सहयोग से केवल दिव्यांगजनों के लिए मूल्यांकन शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इस क्रम में 15 सितंबर 2026 को भीमराव अम्बेडकर भवन (बाजार चौक, धमधा) में शिविर लगेगा, जिसमें नगर पालिका परिषद कुम्हारी, जामुल, अहिवारा, नगर पंचायत धमधा एवं जनपद पंचायत धमधा के समस्त ग्राम पंचायत शामिल होंगे। इसके बाद 16 सितंबर 2026 को सामुदायिक देवांगन भवन (पंदर रोड, पाटन) में शिविर का आयोजन होगा, जिसमें नगर पालिक निगम भिलाई-चरोदा, नगर पंचायत पाटन, जनपद पंचायत पाटन, नगर पालिका परिषद अमलेश्वर एवं नगर पंचायत उतई के क्षेत्र सम्मिलित होंगे। चरण के अंतिम दिन 17 सितंबर 2026 को स्वामी विवेकानंद भवन (जेल तिराहा चौक, पदमनाभपुर, दुर्ग) में शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें नगर पालिक निगम दुर्ग, भिलाई, रिसाली तथा जनपद पंचायत दुर्ग के समस्त ग्राम पंचायत के दिव्यांगजन शामिल हो सकेंगे। सभी शिविरों का समय प्रातः 10:00 बजे से शाम 04:30 बजे तक निर्धारित किया गया है।

शिविर में आने वाले पात्र दिव्यांगजनों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र या यूडीआईडी कार्ड की छायाप्रति, आधार कार्ड की छायाप्रति, पार्षद या सरपंच द्वारा जारी आय प्रमाण पत्र तथा दिव्यांगता दर्शाती हुई दो रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो लाना अनिवार्य होगा। वहीं वरिष्ठजनों को आधार कार्ड की छायाप्रति, आय प्रमाण पत्र एवं दो पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना होगा। इन शिविरों में ऐसे हितग्राही भी पात्र होंगे जिन्हें एलिम्को द्वारा पूर्व में मोटराइज्ड ट्रायसायकल प्रदान किए 5 वर्ष तथा ट्रायसायकल या अन्य सहायक उपकरण प्रदान किए 3 वर्ष पूर्ण हो चुके हैं, या जो पूर्व के शिविरों में छूट गए थे। शिविर में केवल चिन्हांकन की कार्यवाही की जाएगी और तत्पश्चात एलिम्को द्वारा पृथक से वितरण शिविर लगाकर सहायक उपकरणों का वितरण किया जाएगा। जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं नागरिकों से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र के पात्र हितग्राहियों को शिविर तक पहुंचाने में सहयोग प्रदान करें ताकि अधिक से अधिक लोग इस सुविधा का लाभ उठा सकें।
अगली खबर लोड हो रही है...
READ ALSO  राजनांदगांव : माताओं ने संतान की दीर्घायु के लिए रखा हलषष्ठी व्रत, पूजा की…

Related Articles

Back to top button
Play GK Quiz and Win Coins