सोशल मीडिया पर भाजपा जिला कोषाध्यक्ष भावेश बैद का फूटा आक्रोश, 2 घंटे में भर गया हाईवे का गड्ढा

राजनांदगांव। नेशनल हाईवे पर लंबे समय से बने गड्ढों को लेकर भाजपा जिला कोषाध्यक्ष भावेश बैद का आक्रोश शुक्रवार को सोशल मीडिया पर देखने को मिला। उन्होंने सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर नाराजगी जाहिर करते हुए समस्या का जल्द समाधान नहीं होने पर आवेदन देने और धरना देने की बात कही।बताया जा रहा है कि बाईपास मार्ग पर बने बड़े गड्ढे से वाहन चालकों को परेशानी हो रही थी और दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ था।

मामले को लेकर भावेश बैद ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी नाराजगी जाहिर की। इसके साथ ही उन्होंने एसडीएम से फोन पर चर्चा कर गड्ढे की जल्द मरम्मत कराने की मांग की।इसके बाद प्रशासन और संबंधित विभाग हरकत में आया। शिकायत के करीब दो घंटे के भीतर ही कर्मचारियों की टीम मौके पर पहुंची और सड़क पर बने गड्ढे को भरने का काम शुरू कर दिया। मौके पर सुरक्षा के लिहाज से कोन लगाकर मरम्मत कार्य किया गया।इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को फिलहाल राहत मिली है।

वहीं यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है कि सोशल मीडिया पर आवाज उठने और अधिकारी से शिकायत के बाद जिस समस्या पर लंबे समय से ध्यान नहीं दिया जा रहा था, उस पर महज कुछ घंटों में कार्रवाई हो गई।
