CG : उच्च शिक्षा विभाग में सहायक प्राध्यापक पदों की भर्ती प्रक्रिया शुरू …
दंतेवाड़ा। हिड़मा माँझी शासकीय महाविद्यालय कटेकल्याण में अतिथि व्याख्याता नीति 2024 (संशोधित 2026) के तहत अतिथि व्याख्याता एवं अतिथि शिक्षण सहायकों की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की गई है। महाविद्यालय में रसायन शास्त्र विषय के सहायक प्राध्यापक के रिक्त पद को भरने के लिए योग्य अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी अपने सभी शैक्षणिक प्रमाण पत्रों और आवश्यक दस्तावेजों के साथ 15 सितंबर 2026 की शाम 6:30 बजे तक आवेदन जमा कर सकते हैं। आवेदन केवल रजिस्टर्ड डाक या स्वयं उपस्थित होकर कार्यालय में जमा करना होगा। आवेदन जमा करने पर कार्यालय से पावती प्राप्त करना अनिवार्य होगा। निर्धारित समय के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास स्नातकोत्तर स्तर पर न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक होना आवश्यक है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और दिव्यांग वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा अभ्यर्थियों को मूल निवासी प्रमाण पत्र, 10वीं, 12वीं, स्नातक, स्नातकोत्तर, सेट/नेट, एम.फिल/पीएचडी और अनुभव प्रमाण पत्र सहित अन्य जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। अतिथि व्याख्याता एवं अतिथि शिक्षण सहायक पद के लिए अधिकतम आयु सीमा 65 वर्ष निर्धारित की गई है। छत्तीसगढ़ में लागू अतिथि व्याख्याता भर्ती नियमों के अनुसार मेरिट सूची में समान अंक होने की स्थिति में राज्य के मूल निवासी अभ्यर्थी को प्राथमिकता दी जाएगी।
