kadwaghut logo final
बारिश के दौरान बार-बार बिजली बंद होने से शहर की पेयजल व्यवस्था प्रभावित हो रही है। कंचनबाग और मोतीपुर की पानी टंकियां पूरी क्षमता से नहीं भर पा रही हैं। इसका सीधा असर इन टंकियों से जुड़े इलाकों की सप्लाई पर पड़ रहा है। कई क्षेत्रों से कम पानी आने की शिकायतें निगम तक पहुंच रही हैं।
समस्या को देखते हुए अब फिल्टर प्लांट के लिए अलग फीडर से बिजली कनेक्शन देने की तैयारी की जा रही है, ताकि बिजली बंद होने की स्थिति में भी पेयजल सप्लाई बाधित न हो।
निगम और विद्युत मंडल के तकनीकी अधिकारियों तथा फिल्टर प्लांट संचालक से समस्या की जानकारी लेकर व्यवस्था जल्द सुधारने के निर्देश दिए गए हैं। विद्युत मंडल के अधिकारियों ने बताया कि अत्यधिक बारिश और फीडर में आ रही तकनीकी दिक्कतों के कारण यह हाल है।
गंदे पानी की शिकायत शहर के कुछ वार्डों में गंदा पानी आने की शिकायत भी सामने आई है। निगम अधिकारियों ने बताया कि 17 एमएलडी फिल्टर प्लांट के फिल्टर बेड की मरम्मत कराई जा रही है। काम अंतिम चरण में है और नया फिल्टर मीडिया भी मंगाया गया है। महापौर ने सभी पंप दुरुस्त रखने के साथ फिटकरी और क्लोरीन का पर्याप्त स्टॉक रखने के निर्देश दिए।
