kadwaghut logo final
गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों तथा महाविद्यालयों में मतदाता साक्षरता क्लब (ईएलसी) के गठन एवं मतदाता जागरूकता गतिविधियों के प्रभावी संचालन के लिए जिला स्तरीय गहन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर विजय दयाराम के. के निर्देशन में आयोजित प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को मतदाता साक्षरता क्लब के गठन, भूमिका एवं गतिविधियों के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही युवाओं एवं नव मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया से जोड़ने तथा मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन एवं मतदाता पंजीयन की प्रक्रिया की जानकारी प्रदान की गई।
प्रशिक्षण में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पेंड्रारोड अमित बेक एवं जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी ने जागरूक मतदाता, निष्पक्ष एवं नैतिक मतदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए शिक्षण संस्थानों में मतदाता साक्षरता क्लब को सक्रिय बनाने के लिए प्रेरित किया। जिलास्तरीय मास्टर ट्रेनर अनिल कुमार वर्मा एवं अम्बुज कुमार मिश्र ने प्रतिभागियों को व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया। बताया गया कि क्लबों के माध्यम से क्विज, पोस्टर, निबंध, भाषण, रैली एवं मतदाता शपथ जैसी गतिविधियों के जरिए विद्यार्थियों और नवमतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य “सशक्त लोकतंत्र के लिए जागरूक मतदाता” की भावना को जन-जन तक पहुंचाते हुए अधिक से अधिक पात्र युवाओं को मतदाता पंजीयन एवं मतदान के प्रति जागरूक करना है।
