DPR छत्तीसगढ समाचारगरियाबंद जिला

CG : कलेक्टर शर्मा ने पीएम सूर्यघर योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा

By kadwaghut|09 Sep 2026, 3:49 PM
f X W

बैंकर्स को ऋण प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के दिए निर्देश

गरियाबंद, कलेक्टर रणबीर शर्मा ने आज संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने योजना के लाभों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को अधिक से अधिक पात्र परिवारों को योजना से जोड़ने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि सोलर रूफटॉप लगाने से घरेलू बिजली की आवश्यकता को सौर ऊर्जा से पूरा करने के साथ बिजली के खर्च में भी कमी लाई जा सकती है। उन्होंने योजना के तहत मिलने वाले अनुदान एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने तथा व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने से ऊर्जा की बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का समय पर निराकरण करते हुए पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाने तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए।


    कलेक्टर शर्मा ने बैठक में उपस्थित बैंकर्स को निर्देशित किया कि पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत प्राप्त ऋण प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण करते हुए पात्र हितग्राहियों को समय पर ऋण उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक परिवार अपने घरों में सोलर रूफटॉप स्थापित कर योजना का लाभ उठा सकें। कलेक्टर ने बैंकर्स से कहा कि योजना के संबंध में हितग्राहियों को आवश्यक मार्गदर्शन एवं ऋण प्रक्रिया की स्पष्ट जानकारी भी उपलब्ध कराएं, जिससे आवेदन करने वाले हितग्राहियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने संबंधित वेंडर्स को सोलर रूफटॉप स्थापना में निर्धारित मानकों का पालन करते हुए उच्च गुणवत्ता के सोलर पैनल एवं उपकरण लगाने के निर्देश दिए।

READ ALSO  CG : सेवा की कहानी : संघर्ष की राह से आगे निकलकर आत्मनिर्भर हुईं सुनीता साहू …


 कलेक्टर ने कहा कि सोलर सिस्टम की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाना चाहिए तथा हितग्राहियों को बेहतर एवं टिकाऊ प्रणाली उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने वेंडर्स को निर्धारित समय-सीमा में सोलर रूफटॉप स्थापना का कार्य पूर्ण करने तथा हितग्राहियों को स्थापना एवं रखरखाव के संबंध में आवश्यक जानकारी देने के निर्देश भी दिए। इसी तरह उन्होंने विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों को जिले में विशेष अभियान चलाकर पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा निर्धारित लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाकर कार्य करने कहा। कलेक्टर ने अधिकारियों को ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में योजना के लाभों की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने, पात्र हितग्राहियों को आवेदन के लिए प्रोत्साहित करने तथा योजना के क्रियान्वयन की नियमित रूप से समीक्षा करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर ऋषा ठाकुर, नवीन भगत सहित संबंधित विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
 

अगली खबर लोड हो रही है...

Related Articles

Back to top button