kadwaghut logo final
राजनांदगांव , मदनवाड़ा में 6 महीने पहले हुई हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। हत्या के आरोप में मृतक के दो सालों सहित 4 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जिनमें एक नाबालिग है।
5 मार्च को भैंसाटोला के कोहका नदी किनारे अज्ञात व्यक्ति की लाश मिली थी। नदी के किनारे वाले हिस्से में लाश को दबाया गया था। पुलिस ने जांच शुरु की तो मृतक की पहचान खड़गांव के फूलकोड़ों निवासी कदम भूआर्य (36) के रुप में हुई। पुलिस की पड़ताल में सामने आया कि कदम भूआर्य को अाखिरी बार चंदन अंधारे के साथ देखा गया था, जो मृतक का रिश्ते में साला है।
अंतिम मोबाइल लोकेशन भी दोनों का साथ होना स्पष्ट हुआ। इसके बाद पुलिस ने हैदराबाद में छिपकर रह रहे चंदन अंधारे को हिरासत में लिया। पूछताछ में चंदन ने बताया कि कदम भूआर्य की पत्नी उसके मामा की लड़की है। चंदन आए दिन उससे मारपीट करता था। चरित्र पर शंका करता था। इसलिए उसने तीन अन्य आरोपियों के साथ िमलकर कदम की हत्या कर दी।
आरोपियों ने वारदात को ऐसे अंजाम दिया आरोपी चंदन ने बताया कि उसने कदम के सगे साले चमन लाल देहरी के साथ हत्या की योजना बनाई, जिसके लिए गांव के ही हेमंत राणा व एक नाबालिग की मदद ली। घटना वाले दिन फोन कर कदम से उसका लोकेशन पूछा। चारों कदम से मिलने पहुंचे और शराब पीने की योजना बनाई। इसके बाद खेत में शराब पीने के दौरान गमछे से कदम भूआर्य का गला घोंट कर दिया। इसके बाद लाश नदी किनारे छिपा दी। पुलिस ने चारो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
