पूर्व ब्रांच मैनेजर पर एफआईआर, जांच में सामने आई हेराफेरी
राजनांदगांव। अरुण एग्रीकल्चर के पूर्व ब्रांच मैनेजर कुमुद उपाध्याय पर ट्रैक्टर और कृषि उपकरणों की बिक्री से प्राप्त 14 लाख 91 हजार 393 रुपये फर्म के खाते में जमा नहीं करने का आरोप लगा है। फर्म के रिटेल मैनेजर की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार, जीई रोड स्थित अरुण एग्रीकल्चर के पूर्व ब्रांच मैनेजर कुमुद उपाध्याय के कार्यकाल से जुड़े लेजर और बिक्री रिकॉर्ड की जांच की गई। इसमें पाया गया कि ट्रैक्टर तथा कृषि उपकरण बेचने के बाद किसानों से प्राप्त राशि फर्म के खाते में जमा करने के बजाय अपने पास रख ली गई।
सफेदा लगाकर बदले गए आंकड़े
जांच में यह भी सामने आया कि 31 मार्च 2025 के लेजर में सफेदा लगाकर रकम के आंकड़ों में बदलाव किया गया था। फर्म के अन्य दस्तावेजों से मिलान करने पर वास्तविक अंतर का पता चला। मामला उजागर होने के बाद आरोपी ने राशि लौटाने का आश्वासन दिया था, लेकिन रकम जमा नहीं की गई। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
