kadwaghut logo final
स्मरण दिवस की थीम पर जनसंपर्क विभाग द्वारा लगायी जाएगी विशेष छात्राचित प्रदर्शनी
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : भारत विभाजन की विभीषिका की स्मृति में 14 अगस्त को जिले में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के निर्देशानुसार आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य विभाजन के दौरान विस्थापन, पीड़ा और संघर्ष झेलने वाले लोगों को स्मरण करना तथा नई पीढ़ी को उस दौर के इतिहास से अवगत कराते हुए आपसी सद्भाव, एकता और सामाजिक समरसता का संदेश देना है।
जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम मल्टीपर्पस स्कूल पेण्ड्रा के असेंबली हॉल में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से विभाजन के दौरान अपने प्राण गंवाने वाले नागरिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके संघर्ष एवं पीड़ा को स्मरण किया जाएगा। साथ ही देश की एकता, अखंडता, सामाजिक सौहार्द एवं भाईचारे के महत्व का संदेश दिया जाएगा। इस अवसर पर जिला प्रशासन के सहयोग से जनसंपर्क विभाग द्वारा भारत विभाजन की विभीषिका-स्मरण दिवस की थीम पर विशेष छात्राचित प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। साथ ही शाम 5 बजे अटल परिसर पेण्ड्रा से मल्टीपर्पस स्कूल कैंडल मार्च (मोमबत्ती यात्रा) निकाली जाएगी।
कलेक्टर विजय दयाराम के. के मार्गदर्शन में कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम स्थल पर यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था, बैठक व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक तैयारियों को लेकर संबंधित विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे भारत विभाजन की विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में सहभागिता कर विभाजन की त्रासदी में प्रभावित लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करें तथा देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव को और मजबूत बनाने का संकल्प लें।
