छत्तीसगढ़धमतरी जिला

CG : आवारा मवेशियों को पकड़ने विशेष अभियान चलेगा …

By kadwaghut|20 Aug 2026, 11:30 AM
f X W

धमतरी: जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग, प्रमुख मार्गों एवं शहर के भीतर सड़कों पर आवारा मवेशियों के कारण बढ़ते सड़क दुर्घटना के खतरे को देखते हुए प्रशासन द्वारा विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत सड़कों एवं सार्वजनिक स्थलों पर घूमने वाले आवारा मवेशियों को पकड़कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की कार्रवाई की जाएगी। सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीम विभिन्न क्षेत्रों में नियमित रूप से भ्रमण कर आवारा मवेशियों की पहचान एवं उन्हें हटाने की कार्रवाई करेगी। पकड़े गए मवेशियों को निर्धारित गौशाला एवं पशु आश्रय स्थलों में पहुंचाया जाएगा, जहां उनके लिए आवश्यक देखभाल, चारा-पानी एवं अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।

राष्ट्रीय राजमार्ग एवं प्रमुख मार्गों के किनारे आवश्यकतानुसार चेतावनी एवं यातायात संबंधी सूचना बोर्ड लगाए जा रहे हैं। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में यातायात पुलिस की निगरानी एवं गश्त बढ़ाई जाएगी, ताकि मवेशियों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि सड़क पर आवारा मवेशियों की मौजूदगी सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समन्वित रूप से अभियान चलाकर सड़कों से मवेशियों को सुरक्षित हटाने तथा संवेदनशील मार्गों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि “सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें नागरिकों की सहभागिता भी महत्वपूर्ण है। पशुपालक अपने मवेशियों को खुले में न छोड़ें और उन्हें सुरक्षित स्थान पर रखें, ताकि स्वयं मवेशियों के साथ-साथ राहगीरों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सके।” प्रशासन ने नागरिकों एवं पशुपालकों से अभियान में सहयोग करने की अपील की है। नागरिक सड़कों पर आवारा मवेशियों की सूचना संबंधित नगरीय निकाय अथवा प्रशासनिक अधिकारियों को दें। सामूहिक सहयोग से आवारा मवेशियों की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण के साथ जिले में सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकेगी।

अगली खबर लोड हो रही है...
READ ALSO  उद्योगों की जरूरत के मुताबिक युवाओं को तैयार करने ITE Education Services के साथ समझौता

Related Articles

Back to top button
Play GK Quiz and Win Coins