CG : डेढ़ साल से ड्यूटी से नदारद कर्मचारी, अब विभाग ने जारी किया नोटिस …

मुंगेली: शासकीय सेवा में लंबे समय तक अनधिकृत रूप से अनुपस्थित कर्मचारी को लेकर सख्त रुख अपनाया गया है। पशु चिकित्सा सेवाएं विभाग द्वारा पशु औषधालय कंतेली में पदस्थ परिचारक सतीश कुमार यादव को लंबे समय से कार्यस्थल से अनुपस्थित रहने पर कार्य पर उपस्थित होने संबंधी सूचना जारी की गई है। उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवाएं डॉ. आर.एम. त्रिपाठी ने बताया कि सतीश कुमार यादव 30 जुलाई 2024 से बिना किसी सूचना के लगातार कर्तव्य से अनुपस्थित हैं। विभाग द्वारा पूर्व में कई बार पत्राचार किए जाने के बावजूद उनके द्वारा कार्यस्थल पर उपस्थित होकर अपने दायित्वों का निर्वहन नहीं किया गया। विभाग ने इसे शासकीय सेवा में रूचि एवं लगन नहीं होना मानते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम, 1965 के प्रावधानों के विपरीत बताया है।
विभाग द्वारा जारी सूचना में सतीश कुमार यादव को सूचना प्रकाशित होने के तीन दिवस के भीतर कार्य पर उपस्थित होकर अपना कर्तव्य संभालने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित अवधि में कार्यभार ग्रहण नहीं करने पर उनकी अनधिकृत अनुपस्थिति की अवधि को नियमानुसार सेवा में व्यवधान माना जाएगा तथा इस अवधि के लिए अवकाश स्वीकृत नहीं किया जाएगा। निर्देशों का पालन नहीं करने की स्थिति में छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के तहत विभागीय जांच एवं नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।




