राजनांदगांव| मोहारा वाटर फिल्टर प्लांट मे मोटर पंपों में आई खराबी ने जलापूर्ति को प्रभावित कर दिया है। पंप खराब होने की वजह से ओवरहेड टंकियां समय पर नहीं भर पा रही हैं। जिसके चलते कई हिस्सों में नल नहीं खुल रहे हैं। वहीं जिन हिस्सों में समय पर खुल रहे हैं, वहंा सप्लाई भी कमजोर है।
दरअसल बीते दिनों निगम प्रशासन ने प्लांट के 6 मोटर पंप में खराबी की पुष्टि की थी। वहीं कुछ का सुधार कार्य भी जारी होने का दावा किया लेकिन अब तक सभी पंप सुधारे नहीं जा सके हैं। इसका सीधा असर ओवरहेड टंकियों के भरने पर हो रहा है। निर्धारित समय तक टंकियां नहीं भर पा रही हैं।
जिससे इन टंकियों से सप्लाई वाले हिस्सों में नल नहीं खुल रहे हैं। बीते दो दिनों से नवागांव, सिंगदई और पेंड्री इलाके में पेयजल सप्लाई सबसे अधिक प्रभावित हुई है। हालाकि निगम के ईई यूके रामटेके ने बताया कि प्लांट में बिजली गुल होने की वजह से टंकियां समय पर नहीं भर पाई। उन्होंने बताया कि पंप में सुधार कराया जा रहा है। जल आपूर्ति भी सामान्य हो गई है।
