राजनांदगांव : छात्रों ने सीखा कानून और साइबर सुरक्षा के गुण…
विद्यार्थियों में नागरिक कर्तव्यों, कानून के प्रति जागरूकता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने के उद्देश्य से पुलिस ने खाकी किड्स अभियान की शुरुआत की है। एसपी अंकिता शर्मा के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान के तहत नीरज पब्लिक स्कूल में विशेष जागरूकता और प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को जागरूक, जिम्मेदार और सुरक्षित नागरिक बनाना है, ताकि वे समाज में सकारात्मक बदलाव के वाहक बन सकें। कार्यक्रम में सीएसपी वैशाली जैन, डीएसपी सुमन जायसवाल, निरीक्षक कैलाश मरई आदि मौजूद थे।
इन प्रमुख विषयों पर दी गई जानकारी: संवाद कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को कानूनी एवं सामाजिक दृष्टिकोण से सशक्त बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया गया। जिसमें किशोर एवं युवाओं से जुड़े कानूनी प्रावधानों और रैगिंग-मुक्त माहौल की अहमियत समझाई गई। इंटरनेट और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, साइबर ठगी से बचने के उपाय और साइबर फ्रॉड की रिपोर्टिंग पर विस्तार से चर्चा हुई। स्वयं सिद्धा की सोनाली चक्रवर्ती ने लैंगिक समानता पर विचार व्यक्त किए।
