राजनांदगांव| दीनदयाल नगर चिखली स्थित आयुष पॉलीक्लिनिक परिसर में बुधवार को पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। महापौर मधुसूदन यादव ने पौधरोपण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस दौरान “एक पेड़ मां के नाम’ और ‘जहां हरियाली, वहां खुशहाली’ का संदेश देते हुए नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की गई।
कार्यक्रम में नगर निगम आयुक्त जीआर मरकाम ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी देते हुए लोगों को सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित कर योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। पौधरोपण के साथ उनके संरक्षण का भी संकल्प लिया। कार्यक्रम में नगर निगम अध्यक्ष पारस वर्मा, जिला आयुष अधिकारी डॉ. शिल्पा मिश्रा, पार्षद, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और नागरिक मौजूद रहे।
